UNHRC: भारत ने पाकिस्तान को लिया आड़े हाथों! कहा-अपने ही लोगों पर करता है बमबारी
भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने कहा कि इस दृष्टिकोण के विपरीत एक प्रतिनिधिमंडल UN मंच का दुरुपयोग भारत के खिलाफ निराधार और भड़काऊ बयानों से करता रहता है।;
नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में पाकिस्तान को उसकी औकात दिखा दी। यूएन में भारत ने पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की और आरोप लगाते हुए कहा कि इस्लामाबाद अपने ही लोगों पर बमबारी कर रहा है। नई दिल्ली पर निराधार आरोप लगाने के लिए UN के मंच का दुरुपयोग कर रहा है।
भारत की प्रतिक्रिया देने की वजह
भारत की यह प्रतिक्रिया तब आई, जब एक रिपोर्ट में ये बताया गया था कि पाकिस्तानी वायु सेना ने खैबर पख्तूनख्वा की तिराह घाटी में हवाई हमले किए हैं। जिसमें महिला और बच्चे समेत तकरीबन 25 लोगों की मौत हो गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो में तबाही का मंजर दिखाई दिया, जहां सड़कें मलबे में लिपटी हुई हैं। उस जगह से जले हुए है वाहन और ढही हुई इमारतों से शव बरामद हो रहे हैं।
भारत ने UN में पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद सत्र के दौरान भारतीय विदेश सेवा अधिकारी, भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने कहा कि इस दृष्टिकोण के विपरीत एक प्रतिनिधिमंडल इस मंच का दुरुपयोग भारत के खिलाफ निराधार और भड़काऊ बयानों से करता रहता है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारे क्षेत्र पर लालच करने के बजाय, उन्हें अपने अवैध कब्जे वाले भारतीय क्षेत्र को खाली कर देना चाहिए। जीवन रक्षा प्रणाली पर निर्भर अर्थव्यवस्था, सैन्य प्रभुत्व से दबाई गई राजनीति और उत्पीड़ित मानवाधिकार रिकॉर्ड को बचाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। लेकिन तब संभव है जब उन्हें आतंकवाद का निर्यात करने, संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादियों को पनाह देने और अपने ही लोगों पर बमबारी करने से फुर्सत मिलेगी।
भारत ने पहलगाम हमले की चर्चा की
क्षितिज त्यागी ने कहा कि पाकिस्तान के भेजे आतंकवादियों ने इस साल अप्रैल में पहलगाम में हमला किया। क्या हम उरी को भूल जाएं या मुंबई वाले कांड को भूल जाएं। भारत और पूरी दुनिया पाकिस्तान की इन हरकतों को नहीं भूल सकती।