
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- कुट्टू का आटा खाने से...
कुट्टू का आटा खाने से ADM समेत 50 लोग बीमार, एक ही परिवार के 9 लोग अस्पताल में भर्ती

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में नवरात्र के दौरान कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने के बाद बड़ा फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। बागपत एक अपर जिलाधिकारी समेत करीब 50 लोग कुट्टू के आटा से बना फलाहार खाने से बीमार पड़ गये। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी साझा की। दूसरी ओर बिजनौर में भी नवरात्र के पहले दिन कुट्टू का आटा से बना भोजन खाने से करीब 30 लोग उल्टी और दस्त का शिकार हो गए।
अपर जिलाधिकारी समेत कई लोग हुए बीमार
नवरात्र के दौरान बागपत जिले में कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने के बाद अपर जिलाधिकारी शिव नारायण सिंह समेत डेढ़ दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए। इन सभी को उपचार के लिए जिला संयुक्त अस्पताल और सीएचसी बड़ौत में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने दी जानकारी
अधिकारियों ने कहा कि बृहस्पतिवार की शाम शिव नारायण सिंह, उनके सहायक कर्मचारी सतीश कश्यप तथा अन्य लोगों ने कुट्टू के आटे से बने व्यंजन का खाया था। इसके कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी और बेचैनी लगने लगी, हालात बिगड़ने पर सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
एक ही परिवार के नौ सदस्य हुए बीमार
जानकारी के मुताबिक, इस घटना में कासिमपुर खेड़ी गांव के एक ही परिवार के नौ सदस्य, मलकपुर गांव के छह लोग तथा बावली गांव के दो लोग भी शामिल हैं, जो विषाक्त भोजन खाने से प्रभावित हो गए और उनका उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दी जानकारी
खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त डी पी सिंह ने बताया कि संबंधित कुट्टू के आटे के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस दुकानदार द्वारा यह आटा बेचा गया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संदिग्ध दुकानों से नमूने लेकर जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बाजार में कुट्टू के मिलावटी आटे की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सिर्फ विश्वसनीय और पैक्ड खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दी जानकारी
दूसरी ओर बिजनौर जिले में नवरात्र के पहले दिन बृहस्पतिवार को कुट्टू का आटा से बना भोजन खाने से करीब 30 लोग उल्टी, दस्त का शिकार हो गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ कौशलेन्द्र सिंह ने बताया कि मंडावली और नजीबाबाद के सिकरोड़ा, लाहक कला, मोहनपुर और खैरुल्लापुर में लगभग 30 लोग कुटटू के आटे से बना भोजन खाने के कारण उल्टी, दस्त से पीड़ित हो गये। उन्होंने बताया कि अधिकतर को समीपुर अस्पताल नजीबाबाद भर्ती कराया गया। कुछ मरीजों ने निजी अस्पतालों मे भी उपचार कराया।




