
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- SC की डांट के बाद...
SC की डांट के बाद NCERT को आया होश! कक्षा 8 की किताब से बदलेगा विवादित चैप्टर, कहा- गलती हो गई...

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद NCERT ने कक्षा 8 की सामाजिक विज्ञान की पाठ्यपुस्तकों से विवादास्पद सामग्री हटाने और 2.25 लाख किताबें वापस लेने का निर्णय लिया है। विवादित हिस्सों को हटाकर संशोधित सामग्री के साथ नई किताबें जल्द ही स्कूलों तक पहुंचाई जाएंगी।
क्या है विवाद का कारण
जानकारी के मुताबिक विवादित किताब ‘Exploring Society: India and Beyond, Vol II' में अध्याय 4 - The Role of Judiciary in Our Society में न्यायपालिका के समक्ष मौजूद चुनौतियों के तौर पर विभिन्न स्तरों पर भ्रष्टाचार, मामलों की भारी लंबित संख्या और जजों की कमी जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया था। इसमें लंबित मामलों के आंकड़े और एक पूर्व प्रधान न्यायाधीश के कथन का हवाला भी शामिल था, जिस पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
NCERT ने माफी मांगी
बता दें कि NCERT ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि किताब मौजूदा प्रक्रियाओं के तहत प्रकाशित की गई थी, लेकिन वितरण के बाद यह पाया गया कि अध्याय में कुछ “अनुचित सामग्री और निर्णय संबंधी त्रुटियां” रह गई हैं। परिषद ने इसे अनजाने में हुई गलती बताते हुए औपचारिक रूप से माफी मांगी और कहा कि न्यायपालिका के सम्मान पर आंच पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।
सुप्रीम कोर्ट में उठा था मुद्दा
मामला तब और गंभीर हो गया जब वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी ने इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष उठाया। इसके बाद प्रधान न्यायाधीश सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस पर स्वत: संज्ञान लिया और इसे गंभीर चिंता का विषय बताया। कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह किसी को भी न्यायपालिका की छवि खराब करने की अनुमति नहीं देगा।




