
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- ऐसा रॉयल बर्थडे न...
ऐसा रॉयल बर्थडे न देखा... बकरियों के जन्मदिन पर गांव भर में बंटे निमंत्रण कार्ड, DJ की धुनों पर थिरके युवा और बुजुर्ग

हरदोई। हरदोई जिले से ऐसी खबर सामने आई है, कि सुनकर आप चौंक जाएंगे। आपने अक्सर अपने जन्मदिन के जश्न का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट किया होगा। लेकिन यदि कोई आपको बताए कि ऐसा ही एक वीडियो बकरियों के बर्थडे का भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है तो शायद आपको हैरानी होगी। आपने इससे पहले शायद ही कभी बकरियों का जन्मदिन वाला वीडियो देखा हो, लेकिन उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बकरियों का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया गया है। इतना ही नहीं जन्मदिन के जश्न के लिए बकरी के मालिक ने गांव भर में निमंत्रण पत्र भी बांटे थे।
बकरियों के मालिक ने पूरे गांव में बांटे थे कार्ड
दरअसल हरदोई जिले के सदर तहसील के गौरा डांडा गांव में रहने वाले पशुपालक लालाराम श्रीवास्तव ने अपनी दो बकरियों, स्वीटी' और 'मोनिका' का जन्मदिन किसी उत्सव की तरह मनाया। इसके लिए उन्होंने गांव भर में कार्ड भी बांटे थे। यह कोई साधारण आयोजन नहीं था बल्कि इसमें पूरे रीति-रिवाज,भक्ति और भव्यता का संगम दिखाई दिया। इस कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों को साथ हुई। बकरियों के बर्थडे पर गांव में रामायण और भागवत पाठ का आयोजन किया गया। बकरियों को नहला-धुलाकर फूलों की मालाएं पहनाई गईं और नए कपड़े भी पहनाए गए। वहीं इस जन्मदिन की पार्टी के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
200 लोगों को दावत में बुलाया गया
दरअसल माहौल तब और रंगीन हो गया, जब डीजे की धुन पर गांव के बच्चे, युवा और बुजुर्ग मिलकर थिरकने लगे। लालाराम ने इस मौके पर करीब 200 लोगों के लिए शानदार दावत का इंतजाम किया था। जानकारी के मुताबिक, पिछले साल भी उन्होंने इसी तरह 300 मेहमानों को बुलाकर जश्न मनाया था और 51 कन्याओं को भोज कराया था।




