मौत बनकर बरसी बारिश : मकान की छत गिरने से पूरा परिवार मलबे में दबा, पति की मौत, पत्नी गंभीर
परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार किया;
गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के खुशहाल पार्क कॉलोनी में तेज बारिश के चलते रविवार को मकान की छत गिर गई। इस घटना में घर में सो रहे परिवार के चार सदस्य मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने मलबे से निकाल कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
ट्रानिका सिटी फैक्ट्री में काम करता था
खुशहाल पार्क कॉलोनी में शौकीन (30) पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। वह ट्रॉनिका सिटी स्थित फैक्टरी में इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। शनिवार रात वह परिवार के सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे। सुबह करीब 4:00 बजे तेज बारिश के चलते उनके मकान की छत गिर गई। छत गिरने से परिवार के चारों लोग मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला।
आसपास के लोगों ने मलबे से बाहर निकाला
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान शौकिन को मृत घोषित कर दिया। इस घटना में शौकिन की पत्नी घायल हो गई है। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार किया है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया मामले में कोई शिकायत नहीं आई है।