कटक के एससीबी अस्पताल में आग लगने से 10 मरीजों की मौत, 11 गंभीर रूप से झुलसे
फिलहाल अस्पताल में स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है और मामले की गहराई से जांच हो रही है।
कटक। ओडिशा के कटक के एससीबी अस्पताल में आग लगने से 10 मरीजों की मौत हो गई। इस घटना में 11 अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। आग में झुलसे घायलों को दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर दमकल कर्मियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना के बाद मुख्यमंत्री घायलों से मिलने पहुंचे और मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है। आग लगने के सही कारण का पता किया जा रहा है।
सुबह करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच आग लगी
एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में आग लगने की शुरूआती वजह शॉर्ट-सर्किट बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आग सुबह करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच लगी। आग अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में भड़की थी और देखते ही देखते आग ने बड़ा रूप ले लिया। यहां उन मरीजों का इलाज चल रहा था जिनकी हालत बहुत गंभीर थी। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत अस्पताल पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।
23 मरीजों को दूसरे विभागों और वार्डों में शिफ्ट किया गया
अस्पताल में आग लगने का दौरान आग फैलने लगी। मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में अस्पताल के 11 कर्मचारी भी झुलस गए। कुल 23 मरीजों को आनन-फानन में दूसरे विभागों और वार्डों में शिफ्ट किया गया। इस बचाव कार्य में अस्पताल के कर्मचारियों, पुलिस और मरीजों के साथ आए लोगों ने भी सहयोग किया। हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां के हालात का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट-सर्किट हो सकती है।
मृतक के परिवार को 25 लाख की मदद
आग ने ट्रॉमा केयर आईसीयू के साथ-साथ पास के कुछ और वार्डों को भी अपनी चपेट में ले लिया था। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि सात गंभीर मरीजों की मौत शिफ्टिंग के दौरान ही हो गई थी। इसके बाद तीन और मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल मरीजों के इलाज में कोई कमी न रहे। उन्होंने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सरकार ने हर मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है।