100 पुलिसकर्मियों ने हमारे कार्यकर्ताओं पर बरसाईं लाठियां... शिवसेना नेता संजय शिरसाट का दावा

Update: 2026-01-16 06:45 GMT

संभाजीनगर। महाराष्ट्र में महानगरपालिका चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। इस बीच छत्रपति संभाजीनगर में कैबिनेट मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने दावा किया है कि उनके कार्यकर्ताओं को पीटा गया है। करीब 100 पुलिसकर्मियों ने उनके कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाई हैं। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि पुलिस को अपनी ताकत का इस्तेमाल हमारे कार्यकर्ताओं के बजाय अपराधियों के खिलाफ करना चाहिए। साथ ही मंत्री ने इस लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।

पुलिसकर्मियों ने उनके ऊपर लाठीचार्ज किया

महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि आज मतगणना का दिन जब हमारे वर्कर मतगणना केंद्र जा रहे थे, तब करीब 100 पुलिसकर्मियों ने उनके ऊपर लाठीचार्ज किया। इसमें वे कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस को कार्यकर्ताओं की जगह अपराधियों पर अपना बल इस्तेमाल करना चाहिए। यह सत्ता का दुरुपयोग है। मंत्री संजय शिरसाट ने आगे कहा कि पुलिस ने कार्रवाई की है वो पूरी तरह से गलत है, उनके खिलाफ एक्शन होना चाहिए। उन्होंने गुंडों पर दादागिरी दिखानी चाहिए। आपके डंडे में जोर है तो उसे अपराधियों पर दिखाओ। ड्रग माफिया पर दिखाओ। वो बलात्कारियों पर दिखाओ। आप कार्यकर्ताओं पर क्यों दिखा रहे हो। इलेक्शन को हम इतना महत्व नहीं देते।

कार्यकर्ता हमारे लिए सबकुछ है

संजय शिरसाट ने कहा कि हमारे लिए कार्यकर्ता ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। कार्यकर्ता हमारे लिए सबकुछ है। पुलिसवाले अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। हम उनके खिलाफ MLC दाखिल कर रहे हैं। फिर देखते हैं कि कार्रवाई होती है कि नहीं। महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने दावा किया कि उनके कार्यकर्ता, प्रतिनिधि के रूप में काउंटिंग सेंटर के अंदर जा रहे थे। तभी पुलिस ने उनके ऊपर लाठियां चला दीं। हम उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं।

सभी चीजों की जांच की जाएगी

दरअसल, पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने कहा कि आज यहां मतगणना हो रही है। यहां कोई घटना हुई है...इस बारे में पुलिस और शिवसेना के नेताओं का जो भी स्टैंड है, उसपर DCP जांच करेंगे और फिर कार्रवाई की जाएगी...सभी चीजों की जांच की जाएगी।

Tags:    

Similar News