एक पायलट को बचाने के लिए 200 सैनिक और 21 विमान भेजे... रेस्क्यू मिशन पर बोले ट्रंप, जानें पाकिस्तान के मध्यस्थों पर क्या कहा

Update: 2026-04-06 18:11 GMT

नई दिल्ली। ईरान के साथ जंग के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पाकिस्तान के मध्यस्थों के साथ बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर पाकिस्तान से बात कर रहे हैं। जेडी वेंस मध्यस्थों के साथ आमने-सामने की बैठक में भी शामिल हो सकते हैं।

ईरान में तबाही का दरवाजा खोल देंगे

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ये साफ कर दिया है कि अगर मंगलवार रात 8 बजे से पहले होर्मुज स्ट्रेट नहीं खुला तो वो ईरान में तबाही का दरवाजा खोल देंगे। ट्रंप का अल्टीमेटम दुनिया की धड़कनें बढ़ा रहा है। इस बीच अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया है कि ईरान ने जंग को खत्म करने के लिए अमेरिका के प्रस्ताव पर 10 प्वाइंट का जवाब भेजा है। दूसरी ओर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से दोहराया है कि ईरान के लिए मंगलवार फाइनल डेडलाइन है। इस बीच ट्रंप ने अपने संबोधन में F-15 के पायलट को बचाने के ऑपरेशन पर भी बयान दिया।

ईरान को एक रात में किया जा सकता तबाह

साथ ही ट्रंप ने दावा किया कि पूरे ईरान को एक रात में तबाह किया जा सकता है और यह शायद कल ही हो जाए। उनकी यह चेतावनी ऐसे समय में आई है, जब दोनों पक्षों ने कहा है कि मध्यस्थों के जरिए युद्धविराम वार्ता जारी है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। वहीं ईरान में बचाव अभियान पर ट्रंप ने कहा कि दूसरे बचाव अभियान में 155 विमान शामिल थे, जिनमें चार बमवर्षक, 64 लड़ाकू विमान, 48 ईंधन भरने वाले टैंकर, 13 बचाव विमान और अन्य शामिल थे।

हमें थोड़ी किस्मत का भी साथ मिला

वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान में अमेरिकी एयरफोर्स अधिकारी को बचाने वाले अभियान को ऐतिहासिक बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि मैंने अमेरिकी सेनाओं को आदेश दिया था कि हमारे बहादुर सैनिक को वापस घर लाने के लिए जो भी जरूरी हो, वह करें। ट्रंप ने कहा कि हमने अपने दो सैनिकों को बचाया, जो शायद पहले कभी नहीं किया गया था, लेकिन हमने किया। हमारे पास बेहतरीन प्रतिभा थी। मुझे लगता है कि हमें थोड़ी किस्मत का भी साथ मिला। हमें बहुत से लोगों, बहुत से महान लोगों से मदद मिली।

Tags:    

Similar News