51 करोड़ लोगों ने ऑनलाइन देखी अयोध्या की रामलीला, टूटा रिकॉर्ड! 40 देशों की 26 भाषाओं में किया जा रहा प्रसारण...

रामायण की कथा ने वैश्विक स्तर पर कीर्तिमान रच दिया है।;

By :  Aryan
Update: 2025-09-26 06:37 GMT

अयोध्या। प्रभू राम की नगरी अयोध्या में आयोजित भव्य रामलीला ने एक नया विश्व स्तर पर रिकॉर्ड कायम कर दिया है। इस साल फिल्मी रामलीला को पूरी दुनिया में 51 करोड़ से अधिक भक्तों ने दूरदर्शन और सोशल मीडिया पर देखा है। जो कि पिछले वर्ष के 47 करोड़ दर्शकों के आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। रामलीला आयोजन समिति के मुताबिक, यह रामलीला सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि 40 से अधिक देशों में 26 भाषाओं में लाइव प्रसारित हुई है। इस बार रामायण की कथा ने वैश्विक स्तर पर कीर्तिमान रच दिया है।

रामलीला का आयोजन रामकथा पार्क में थ्रीडी तकनीक के साथ हुआ

रामलीला का आयोजन रामकथा पार्क में 120 फीट के विशाल मंच पर थ्रीडी तकनीक के साथ किया गया। इस संस्करण में बॉलीवुड के 42 से अधिक कलाकारों ने रामायण के प्रमुख पात्रों को जीवंत किया। आयोजन समिति के संस्थापक अध्यक्ष सुभाष मलिक ने कहा कि यह रामलीला धार्मिक उत्सव से कहीं अधिक है। यह भारतीय संस्कृति और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का जरिया है। पिछले साल 47 करोड़ दर्शकों के बाद इस बार 51 करोड़ का आंकड़ा मेहनत को दर्शा रही है।

महासचिव शुभम मलिक ने कहा

महासचिव शुभम मलिक ने कहा कि पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार रामलीला का प्रसारण दूरदर्शन, यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अभूतपूर्व रहा है। पहले तीन दिनों में ही 41 करोड़ दर्शक जुड़ गए थे, उसके बाद आंकड़े बढ़ते गए। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, थाईलैंड, कनाडा, जर्मनी, चीन, दक्षिण अफ्रीका और कई अन्य देशों से लाखों भक्तों ने लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए इसमें शामिल हुए।

रामलीला से पर्यटन को भी मिला बढ़ावा

सुभाष मलिक ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या लगातार आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित हो रही है। इस रामलीला से पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। क्योंकि हजारों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। रामलीला के जरिए हम रामायण की शिक्षाओं को डिजिटल युग में युवाओं तक पहुंचा रहे हैं। यह रिकॉर्ड केवल संख्या का नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक जागरूकता का प्रतीक है।


Tags:    

Similar News