79वां स्वतंत्रता दिवस: राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेताओं ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, भारत को महान बनाने का लिया संकल्प
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोगों से सांविधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, आर्थिक सशक्तीकरण और राष्ट्रीय एकता के लिए संघर्ष जारी रखते हुए राष्ट्रीय आंदोलन की विरासत का सम्मान करने का आग्रह किया।;
नई दिल्ली। 79वें स्वतंत्रता दिवस पर विपक्ष के नेताओं ने भी देशवासियों को बधाई दी। साथ ही कांग्रेस कार्यालय पर ध्वजारोहण के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देशवासियों को जश्न ए आजादी की शुभकामनाएं और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
महान स्वतंत्रता सेनानियों को विनम्र श्रद्धांजलि- मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोगों से सांविधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, आर्थिक सशक्तीकरण और राष्ट्रीय एकता के लिए संघर्ष जारी रखते हुए राष्ट्रीय आंदोलन की विरासत का सम्मान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हम अनगिनत महान स्वतंत्रता सेनानियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके बलिदान और राष्ट्रीय आंदोलन में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हैं। यह दिन इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हम भारत के लोग आज अपने अधिकारों, सांविधानिक संस्थाओं की सुरक्षा, सामाजिक न्याय, आर्थिक सशक्तीकरण और भाईचारे के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
भारत के सम्मान की रक्षा करना हमारा कर्तव्य: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि स्वतंत्रता सत्य, समानता और भाईचारे पर आधारित राष्ट्र के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्राप्त यह स्वतंत्रता, एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प है। जहां न्याय, सत्य और समानता की नींव पर टिका हो और हर हृदय सम्मान और भाईचारे से भरा हो। इस अनमोल धरोहर के गौरव और सम्मान की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। जय हिंद, जय भारत!
लाखों वीरों ने हमें आजादी दिलाने के लिए अनगिनत बलिदान दिए: प्रियंका गांधी वाड्रा
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे लाखों वीरों ने हमें आजादी दिलाने के लिए अनगिनत बलिदान दिए। उन्होंने हमें लोकतंत्र, न्याय, समानता और आपसी एकता का राष्ट्रीय संकल्प सौंपा। एक व्यक्ति-एक वोट के सिद्धांत के माध्यम से उन्होंने हमें एक समृद्ध लोकतंत्र दिया। अपनी स्वतंत्रता, संविधान और उसके सिद्धांतों की रक्षा के लिए हमारा संकल्प अटूट है। जय हिंद, जय भारत!