21 हजार महिलाओं की कलश यात्रा में मची भीषण भगदड़, एक महिला की मौत, कई घायल, जानें पूरा मामला

Update: 2026-02-10 09:06 GMT

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, डबरा में आज नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की कलश यात्रा के दौरान भीषण भगदड़ मच गई। इस दुखद हादसे में 70 वर्षीय रति साहू की मौत हो गई जबकि हादसे में विमला, कला बाथम और एक बच्ची सहित लगभग 6-8 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें डबरा सिविल अस्पताल और ग्वालियर रेफर किया गया है।

21 हजार महिलाओं के शामिल होने का दावा

बताया जा रहा है कि स्टेडियम ग्राउंड में कलश वितरण के दौरान भारी भीड़ उमड़ी थी। पुलिस द्वारा अचानक एक गेट बंद कर देने से अफरा-तफरी मची और महिलाएं एक-दूसरे के नीचे दब गईं। यह 10 दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा था, जिसमें करीब 21 हजार महिलाओं के शामिल होने का दावा किया गया था।

परिजनों ने लगाया यह आरोप

मृतका के परिजनों ने प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में समय पर ऑक्सीजन और इलाज नहीं मिलने के कारण महिला की जान गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव के साथ प्रदर्शन भी किया।

Tags:    

Similar News