बांग्लादेश में आम चुनाव से पहले एक और हिंदू व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या, माहौल तनावपूर्ण
नई दिल्ली। बांग्लादेश में 12 फरवरी, 2026 को होने वाले आम चुनावों से ठीक पहले अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। दरअसल मैमनसिंह जिले के त्रिशाल में सोमवार की रात बदमाशों ने सुशेन चंद्र सरकार नाम के 62 वर्षीय चावल व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी।
हमले का तरीका
अज्ञात हमलावरों ने सुशेन पर धारदार हथियारों से हमला किया और उन्हें मरणासन्न स्थिति में दुकान के अंदर छोड़कर शटर बाहर से बंद कर दिया। जब परिवार ने दुकान खोली, तो उन्हें खून से लथपथ पाया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीड़ित के बेटे के अनुसार, हमलावरों ने हत्या के बाद दुकान से कई लाख टका (बांग्लादेशी मुद्रा) भी लूट लिए।
तनावपूर्ण माहौल
चुनाव से ठीक 48 घंटे पहले हुई इस हत्या से हिंदू समुदाय में भारी डर और आक्रोश है। मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, पिछले कुछ हफ्तों में बांग्लादेश में कई हिंदू व्यापारियों और नागरिकों को निशाना बनाया गया है। बता दें कि यह घटना उस समय हुई है जब अंतरराष्ट्रीय समुदाय और भारत ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर बार-बार चिंता जताई है। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक किसी मुख्य संदिग्ध की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।