मालदा में न्यायिक अफसरों के घेराव मामले की जांच करेगी NIA, सुप्रीम कोर्ट के कड़े रुख के बाद चुनाव आयोग ने लिया फैसला
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया में लगे 7 न्यायिक अधिकारियों को घंटों तक बंधक बनाए जाने के मामले की जांच अब NIA करेगी। सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश के बाद केंद्रीय चुनाव आयोग ने मामला एनआईए को सौंप दिया है। दरअसल, चीफ जस्टिस सूर्य कांत की बेंच ने मामले की जांच सीबीआई या एनआई से कराने के निर्देश दिए थे।
पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल
कोर्ट ने इस मामले पर सुनवाई के दौरान कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा था कि न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने की घटना सबूत है कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है।
न्यायिक अधिकारियों में तीन महिलाएं भी थीं
बता दें कि मालदा जिले के कालियाचक में 7 न्यायिक अधिकारियों को उस वक्त भीड़ ने घेराव करते हुए बंधक बना लिया था, जब वह वोटर लिस्ट से मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मामले की सुनवाई कर रहे थे। इन न्यायिक अधिकारियों में तीन महिलाएं भी थीं। वहीं करीब 9 घंटे तक घेराव के बाद अधिकारियों को बचाया जा सकता था। जब उन्हें बचाकर ले जाया जा रहा था, उस वक्त भी उनके काफिले पर हमले का प्रयास किया गया था।