इजरायल-अमेरिकी हमले को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा बयान! 165 छात्रा की मौत पर जताया शोक...
अखिलेश यादव ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई पर हुए हमले और दक्षिणी ईरान के मीनाब शहर में स्कूल पर हुए विनाशकारी हमले की कड़ी निंदा की है।
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई पर हुए हमले और दक्षिणी ईरान के मीनाब शहर में स्कूल पर हुए विनाशकारी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इन दोनों घटनाओं को अमानवीय करार दिया है। उन्होंने लिखा कि मीनाब के स्कूल पर हुआ हमला बेहद घातक है, जिसमें 165 छात्राएं मारी गईं।
बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों की रक्षा करना जरूरी
अखिलेश यादव ने लिखा कि समाजवादी पार्टी अयातुल्ला खामेनेई पर हुए हमले और मीनाब के एक स्कूल पर हुए सबसे घातक इजरायली-अमेरिकी हमलों में से एक है, जिसमें 165 छात्राएं मारी गईं। जिनेवा कन्वेंशन और अंतरराष्ट्रीय कानून, जो संघर्ष के समय में भी मानव जीवन की रक्षा के लिए बनाए गए हैं, ऐसे कृत्यों से गंभीर रूप से खतरे में हैं। हम उनकी शहादत को नमन करते हैं और इस क्षति से दुखी, शोक संतप्त सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। अखिलेश ने आगे कहा कि युद्ध में भी बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों की रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानूनों की धज्जियां उड़ाने वाला काम बताया।
यूपी में कई जगह हुआ था प्रर्दशन
दरअसल खामनेई की मौत के बाद लखनऊ, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, रायबरेली समेत प्रदेश के तमाम हिस्सों में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिले हैं। इस दौरान कई लोग खामनेई की मौत से बेहद भावुक भी दिखे। बता दें कि अखिलेश यादव ने इससे पहले भी ईरान पर हुए हमले पर दुख जताया था। उन्होंने इस हमले पर भारत सरकार से अपना रुख साफ करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि जब किसी देश के सबसे खास से लेकर आम नागरिकों पर जानलेवा हमले और जंग के हालात हैं तो हमारे देश की सरकार अंतरराष्ट्रीय विषय पर अपना रुख साफ करे और बताए कि वो जंग के साथ है या युद्ध को रोकने व शांति की बहाली के लिए एक तटस्थ देश के तौर पर प्रयास कर रही है।