बांग्लादेश: BNP ने दो दशक बाद बनाई सरकार! 298 सांसदों ने संभाली कमान, तारिक रहमान शाम चार बजे लेंगे शपथ

Update: 2026-02-17 05:59 GMT

नई दिल्ली। बांग्लादेश में दो दशक के अंतराल के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की सत्ता में वापसी हुई है। मंगलवार नवनिर्वाचित सांसदों ने शपथ ग्रहण की और पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान देश के अगले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। बता दें कि मंगलवार सुबह जातीय संसद भवन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ए.एम.एम. नासिर उद्दीन ने 298 नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई।

BNP की ऐतिहासिक जीत

12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनावों में BNP ने भारी बहुमत हासिल किया है। पार्टी ने 297 में से 209 सीटें जीती हैं, जबकि जमात-ए-इस्लामी 68 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है।

तारिक रहमान का शपथ ग्रहण

प्रधानमंत्री के रूप में तारिक रहमान और उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार शाम 4 बजे संसद के साउथ प्लाजा में आयोजित किया गया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन उन्हें पद की शपथ दिलाएंगे। बता दें कि सरकार गठन से पहले सांसदों ने एक आधिकारिक बैठक कर औपचारिक रूप से तारिक रहमान को अपना नेता चुना।

भारत का प्रतिनिधित्व

इस समारोह में भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारिक रहमान को उनकी जीत पर बधाई दी है। यह सत्ता परिवर्तन अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद हुए चुनावों का परिणाम है, जिससे बांग्लादेश में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत मानी जा रही है।

Tags:    

Similar News