आज इन 2 टीमों को मिल सकता है टी20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 का टिकट, 5 टीमों ने किया क्वालीफाई
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 की रेस अब अपने अंतिम चरण में है। आज होने वाले मुकाबलों के बाद न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे सुपर-8 के लिए अपना टिकट पक्का कर सकते हैं। अब तक कुल 5 टीमें आधिकारिक तौर पर अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
सुपर-8 के लिए क्वालीफाई करने वाली 5 टीमें
- भारत (मेजबान)
- वेस्टइंडीज
- श्रीलंका (मेजबान) - ऑस्ट्रेलिया को हराकर जगह बनाई
- दक्षिण अफ्रीका
- इंग्लैंड - इटली पर जीत के बाद क्वालीफाई किया
आज किन 2 टीमों को मिल सकता है टिकट?
आज के मैचों के समीकरण कुछ इस प्रकार हैं।
जिम्बाब्वे: ग्रुप B में जिम्बाब्वे का मुकाबला आज आयरलैंड से है। यदि जिम्बाब्वे यह मैच जीत जाती है, तो वह सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लेगी और इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।
न्यूजीलैंड: ग्रुप D में न्यूजीलैंड का सामना आज कनाडा से है। एक बड़ी जीत के साथ न्यूजीलैंड सुपर-8 में अपनी जगह लगभग पक्की कर लेगा।
पाकिस्तान हो सकती है बाहर?
ग्रुप ए से सिर्फ टीम इंडिया ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई किया है। अंक तालिका में यूएसए दूसरे स्थान पर है, जिन्होंने अपने चारों मैच खेल लिए हैं। पाकिस्तान के भी 4 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर टीम अमेरिका से भी पीछे है। पाकिस्तान बनाम नामीबिया मैच बुधवार को है, अगर पाकिस्तान उलटफेर का शिकार हो गई और नामीबिया ने मैच जीत लिया तो फिर 2024 की तरह अमेरिका ही सुपर-8 में पहुंचेगी।