फूड कोर्ट पर पुलिस की रेड, गोमांस परोसने के आरोप पर मचा बवाल, गोवंश अधिनियम के तहत 4 गिरफ्तार
पुलिस ने मांस के सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा है।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गौ की हत्या कर गोमांस से बिरयानी बनाकर बेचने की खबर सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार लिया है। इस घटना से हिंदू संगठनों में आक्रोश है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद के नेता की शिकायत पर मामले में जांच के बाद यह कार्रवाई की है।
‘नवाबी जायका रेस्टोरेंट’ पर लगा आरोप
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज सिटी जोन के खुल्दाबाद थाना अंतर्गत रोशनबाग इलाके में स्थित ‘नवाबी जायका रेस्टोरेंट’ पर गौ मांस की बिरयानी बेचने का आरोप लगा है। विश्व हिंदू परिषद गौ रक्षा इकाई के प्रांत मंत्री ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार बेसहारा गोवंश की हत्या कर उसके मांस की बिरयानी बेचने की शिकायत मिल रही थी। जिसके बाद वो अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट में पहुंचे, जहां उन्होंने जमकर हंगामा किया।
चार आरोपी गिरफतार
रेस्टोरेंट में गौ मांस की बिरयानी बेचने की सूचना उन्होंने पुलिस को दे दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने हिंदू संगठनों के नेता और कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद से रेस्टोरेंट से अलग-अलग डिब्बे में मांस भी बरामद किया है। पुलिस ने सभी को जांच के लिए लैब भेजा है। हिंदू नेता लालमणि तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 191(2),352, 351(3) यूपी गोवध निवारण अधिनियम 5 और 8 के तहत मुकदमा दर्ज कर किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके नाम इस प्रकार हैं मोहम्मद जैद, मिज्जन, अयान, समसुल लका।