आखिर मंगलवार को ही क्यों माना जाता है हनुमान जी का दिन? जानें क्या है कारण
नई दिल्ली। हिंदू धर्म में प्रत्येक भगवान की पूजा के लिए अलग-अलग दिनों का विधान है। इनमें मंगलवार को दिन संकटमोचन हनुमान जी को समर्पित होता है। बता दें कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, मंगलवार को हनुमान जी का दिन मानने के मुख्य रूप से दो कारण हैं।
पहला कारण
स्कंद पुराण और अन्य शास्त्रों के अनुसार, हनुमान जी का जन्म मंगलवार के दिन हुआ था। इसलिए उनकी पूजा का विधान है। इस दिन भक्त सच्चे दिल से हनुमान जी को भोग लगाते है और जीवन के सभी कष्ट हरने की विनती करते है।
दूसरा कारण
हनुमान जी को मंगल ग्रह का नियंत्रक (अधिदेवता) माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, हनुमान जी की पूजा करने से कुंडली के 'मंगल दोष' और मंगल ग्रह से जुड़ी समस्याओं का समाधान होता है।
मंगलवार को किन बातों का ध्यान रखें?
हनुमान जी की कृपा पाने और इस दिन की शुभता बनाए रखने के लिए कुछ खास नियमों का पालन करना जरूरी माना गया है:
क्या करें (शुभ कार्य)
- मंगलवार को लाल या केसरिया रंग के वस्त्र पहनना शुभ होता है, क्योंकि यह रंग हनुमान जी को प्रिय है।
- सुबह या शाम के समय हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करें।
- हनुमान जी को गुड़-चना, सिंदूर, चमेली का तेल और तुलसी के पत्ते अर्पित करें।
- अपनी क्षमता के अनुसार लाल वस्तुओं या भोजन का दान करना फलदायी होता है।
क्या न करें (वर्जित कार्य)
- इस दिन पूरी तरह से सात्विक भोजन करना चाहिए। मांस और शराब का सेवन वर्जित है।
- मंगलवार के दिन बाल कटवाना और नाखून काटना अशुभ माना जाता है।
- इस दिन उधार न तो देना चाहिए और न ही लेना चाहिए।
- यदि आप मंगलवार का व्रत रख रहे हैं, तो शाम को केवल मीठा भोजन करें और नमक के सेवन से बचें।
- इस दिन काले रंग के कपड़े पहनने से बचना चाहिए।