मौत की अफवाहों के बीच कॉफी की चुस्की लेते नजर आए बेंजामिन नेतन्याहू! इस तरह से उड़ाया मजाक, बोले- लोग कह रहे हैं कि मैं..

Update: 2026-03-15 17:11 GMT

नई दिल्ली। ईरान और इजरायल युद्ध के बीच हाल ही इजराइल के पीएम को लेकर अफवाह थी कि उनकी मौत हो गई है। हालांकि अब पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने सभी अफवाहों को खारिज किया है। उन्होंने एक नया वीडियो जारी किया, जिसमें वह एक कैफे में कॉफी पीते हुए इन अफवाहों का मजाक उड़ाते दिखाई दे रहे हैं।

मैं तो कॉफी के लिए मरता हूं

दरअसल, हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि ईरान के हमले में नेतन्याहू की मौत हो गई है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि हाल में टीवी पर दिखी उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस असली नहीं थी, बल्कि उसे AI की मदद से बनाया गया था। इन अफवाहों और साजिश वाली थ्योरी ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैलना शुरू कर दिया था। इनका जवाब देने के लिए नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में वह एक कैफे में बैठे नजर आते हैं और कॉफी ऑर्डर करते हुए मजाक में कहते हैं, लोग कह रहे हैं कि मैं मर गया हूं? मैं तो कॉफी के लिए मरता हूं। इस दौरान उन्होंने हिब्रू भाषा का एक मुहावरा इस्तेमाल किया, जिसका मतलब होता है कि किसी चीज को बहुत ज्यादा पसंद करना।

इजराइल के लोगों के हौसले और एकता की तारीफ की

वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने देश से जान से भी ज्यादा प्यार करते हैं। साथ ही उन्होंने मौजूदा संकट के समय में इजराइल के लोगों के हौसले और एकता की भी तारीफ की। नेतन्याहू ने उस वायरल दावे का भी जवाब दिया, जिसमें कहा जा रहा था कि उनकी हाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो AI से बनाया गया है। सोशल मीडिया पर एक क्लिप में ऐसा लग रहा था कि उनके एक हाथ में छह उंगलियां हैं, जिसके बाद लोगों ने इसे नकली वीडियो बताया। इन दावों का मजाक उड़ाते हुए नेतन्याहू ने नए वीडियो में कैमरे के सामने अपने दोनों हाथ उठाकर दिखाए और बताया कि उनके हाथों में कुल दस उंगलियां ही हैं। इस तरह उन्होंने अपनी मौत और नकली वीडियो से जुड़ी सभी अफवाहों को खारिज करने की कोशिश की।

Tags:    

Similar News