आज भारत बंद! सड़क पर उतरे किसान, प्रियंका गांधी ने किया समर्थन, जानें कहां-कहां असर

Update: 2026-02-12 06:22 GMT

नई दिल्ली। आज केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों द्वारा भारत बंद का ऐलान किया गया है। ऐसे में भारत बंद का असर देश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर ओडिशा में व्यापक रूप से देखा जा रहा है।

जबरन बंदी के प्रयास

बालासोर और अन्य शहरों में बंद समर्थकों और आम जनता के बीच छिटपुट झड़पों की खबरें आई हैं। आरपीएफ (RPF) ने बालासोर में ट्रेन रोकने की कोशिश कर रहे आंदोलनकारियों को खदेड़ा। नेशनल हाईवे-16 (NH-16) सहित राज्य के प्रमुख राजमार्गों पर टायर जलाकर और मानव श्रृंखला बनाकर यातायात बाधित किया गया।

बंद का कहां-कैसा असर?

जानकारी के मुताबिक इन राज्यों में बंद का सबसे ज्यादा असर है। ओडिशा में स्कूल, कॉलेज और बाजार अधिकांश स्थानों पर बंद हैं। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA) के समर्थन के कारण सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में चेक क्लीयरेंस और कैश लेनदेन प्रभावित हुआ है। ओडिशा राज्य सड़क परिवहन निगम (OSRTC) और निजी बस सेवाएं बंद रहने से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। अस्पताल, एम्बुलेंस और दवा की दुकानें बंद से मुक्त रखी गई हैं।

ट्रेड यूनियनों में फूट

जहां 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियन (जैसे INTUC, AITUC, CITU) इस हड़ताल का नेतृत्व कर रहे हैं, वहीं सरकार का दावा है कि लगभग 213 अन्य यूनियनों ने खुद को इस बंद से अलग कर लिया है।

क्या है मांगें?

- भारत–अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते का विरोध

- चार नए लेबर कोड वापसी की मांग

- सरकारी उपक्रमों के निजीकरण का विरोध

- पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली

- न्यूनतम वेतन में वृद्धि

- निर्माण और बिजली क्षेत्र के मजदूरों के अधिकारों की सुरक्षा

- कृषि संबंधित कानूनों और नीतियों में बदलाव की मांग

भारत बंद का यूपी-बिहार में कैसा असर?

बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में बंद का असर नहीं दिख रहा है। वहीं बिहार में भी बंद का खूब व्यापक असर नहीं है। कहीं-कहीं बंद का असर है।

भारत बंद का प्रियंका गांधी ने किया समर्थन

भारत बंद का आह्वान करने वाले ट्रेड यूनियन्स को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी का साथ मिला है। प्रियंका गांधी ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते से किसानों को भारी नुकसान होने वाला है। आज सभी मजदूर संघ हड़ताल पर हैं और हम उनका समर्थन कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News