BIHAR: चुनावी रंजिश में जन सुराज प्रत्याशी के चाचा की गोली मारकर हत्या, बाहुबली अनंत सिंह पर शक! इलाके में दहशत
मोकामा से जन सुराज पार्टी ने पीयूष प्रियदर्शी को अपना प्रत्याशी बनाया है।;
मोकामा। विधानसभा के चुनाव में महज कुछ ही दिन बचे हैं। इन दिनों बिहार का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इसी कड़ी में अभी बिहार के मोकामा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। एक ओर चुनावी माहौल है, वहीं मोकामा में आज यानी गुरुवार को गोलीबारी की गई। बता दें कि गोली चलने की वजह से जन सुराज के एक समर्थक की मौत हो गई। मृतक का नाम दुलारचंद यादव बताया जा रहा है।
आज जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी का चुनावी अभियान था
जानकारी के मुताबिक, मोकामा से जन सुराज पार्टी ने पीयूष प्रियदर्शी को अपना प्रत्याशी बनाया है। आज वो अपने समर्थकों के साथ प्रचार अभियान में निकले थे। इस दौरान उनके काफिले पर लाठियां चलाई गई। इतना ही नहीं भीड़ में से किसी ने गोली भी चलाई। इसी दौरान दुलारचंद यादव के सिर में गोली लग गई। जिससे उनकी मौत मौके पर ही हो गई। बताया जा रहा है कि इस घटना के पीछे की वजह आपसी रंजिश हो सकती है। बता दें कि इस मामले में एनडीए (जेडीयू से) प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थकों पर आरोप लगा है।
हालांकि फिलहाल कारण सही से स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक दुलारचंद यादव रिश्ते में पीयूष के चाचा लगते हैं।
प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी फूट-फूट के रो पड़े
जन सुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी ने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सीधा अनंत सिंह पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद वे फूट-फूट के रो पड़े। जानकारी के मुताबिक, दुलारचंद यादव क्षेत्र में लगातार जन सुराज के लिए वोट मांग रहे थे।
गौरतलब है कि मोकामा अनंत सिंह की वस्ती है। इस बार अनंत सिंह जेडीयू से चुनावी मैदान में उतरे हैं। उनका मुकाबला बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी राजद उम्मीदवार वीणा देवी से होगा। लेकिन इस तरह की घटना से इलाके में अभी दहशत का माहौल है।