BMC ELECTION: एग्जिट पोल में बीजेपी की अगुआई वाली महायुति आगे, ठाकरे बंधु पिछड़े, मतदान के आंकड़े अभी नहीं होंगे जारी

Update: 2026-01-15 13:32 GMT

मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई समेत राज्य की 29 नगर निगमों के लिए मतदान खत्म हो चुका है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण मुंबई महानगरपालिका यानी BMC के चुनाव पर सबकी नजरें हैं। यहां बीजेपी और एकनाथ शिंदे मिलकर मैदान में उतरी। वहीं उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे साथ मिलकर लड़े। बीएमसी में कौन बाजी मारेगा इसका फैसला 16 जनवरी को होना है। लेकिन इससे पहले एग्जिट पोल के आंकड़ों में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बीएमसी में कुल 227 वार्ड हैं। इस बीच चुनाव आयोग ने कहा है कि मतदान के आंकड़े अभी जारी नहीं होंगे।

डीवी रिसर्च का एग्जिट पोल

डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल के मुताबिक, बीजेपी की अगुआई वाली महायुति को 107 से 122 सीटें मिल सकती हैं। ठाकरे बंधुओं के गठबंधन को 68 से 83 सीटें मिलने की संभावना है। कांग्रेस और वंचित बहुजन अघाड़ी को 18 से 25 सीटें मिल सकती हैं। NCP अजित पवार को 2 से 4 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं अन्य के खाते में 8 से 15 सीटें मिलने की संभावना है।

डीवी रिसर्च में वोट शेयर

बीजेपी की अगुआई वाली महायुति को 41 फीसदी वोट मिलते दिख रहे हैं। ठाकरे बंधुओं के गठबंधन को 33 फीसदी, कांग्रेस और वंचित बहुजन अघाड़ी को 13 फीसदी, वहीं NCP अजित पवार को 3 फीसदी और अन्य को 10 फीसदी वोट मिल सकते हैं।

AXIS My India का एग्जिट पोल

एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, बीजेपी गठबंधन को 44 फीसदी महिलाओं और 40 फीसदी पुरुषों का वोट मिल सकता है। ठाकरे गठबंधन को 31 फीसदी महिलाओं और 33 फीसदी पुरुषों का वोट मिल सकता है। कांग्रेस और सहयोगियों को 13 फीसदी महिला और 13 फीसदी पुरुषों का वोट मिल सकता है। अन्य के खाते में 12 फीसदी महिला और 14 फीसदी पुरुषों का वोट जा सकता है।

एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में बीजेपी+ को 131 से 151 सीटें मिल सकती हैं। शिवसेना UBT+ को 58-68 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस+ 12-16 मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 6-12 सीटें जा सकती हैं।

JVC Exit Poll में वोट शेयर

जेवीसी के एग्जिट पोल के मुताबिक, महायुति को 42 से 45 फीसदी वोट शेयर मिल सकते हैं। ठाकरे ब्रदर्स और शरद पवार को 34-37 फीसदी वोट मिल सकते हैं। कांग्रेस-VBA गठबंधन को 13-15 फीसदी और अन्य को 6-8 फीसदी वोट मिल सकते हैं।

JVC Exit Poll में सीट

बीजेपी गठबंधन को 138, उद्धव ठाकरे के गठबंध को 59, कांग्रेस गठबंधन को 23 और अन्य को 7 सीटें मिल सकती हैं।

मुंबई में कौन कितनी सीटों पर लड़ रहा चुनाव?

मुंबई में सीटों के अंतिम बंटवारे के अनुसार, बीजेपी 137 सीट पर और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 90 सीट पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, एनसीपी 94 सीट पर अलग से चुनाव लड़ रही है। शिवसेना (यूबीटी) ने 163 उम्मीदवार, MNS ने 52, कांग्रेस ने 143 और वीबीए ने 46 उम्मीदवार उतारे हैं। 

Tags:    

Similar News