Delhi: दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में घरों के भीतर घुसा बाढ़ का पानी, घुटनों भर पानी में जाकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिया जायजा, दिल्ली में अलर्ट

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर जा रहा है;

By :  Aryan
Update: 2025-08-19 08:41 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बाढ़ वाले इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान सीएम रेखा गुप्‍ता ने लोगों से मुलाकात की एवं उनकी परेशानियों पर गौर किया।

यमुना का जलस्तर 205.95 मीटर पर पहुंचा

बता दें आज सुबह 5 के करीब यमुना का जलस्तर 205.95 मीटर के करीब पहुंच चुका था। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर जा रहा है। यमुना बाजार इलाके में घरों के भीतर पानी घुस गया है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। ऐसे हालात के मद्देनजर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज खुद मौके पर पहुंचीं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने लोगों को दिलासा देते हुए भरोसा जताया

मुख्यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने लोगों को दिलासा देते हुए भरोसा जताया और कहा कि पानी जितनी तेजी से बढ़ रहा है, उतनी ही तेजी से घट भी रहा है। इस वजह से पानी का ठहराव अधिक दिनों तक नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पहले से लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने का अनुरोध किया था। स्कूलों में भी लोगों के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है, लेकिन अभी भी कई लोग वहीं मौजूद हैं। हालांकि, जो शिफ्ट नहीं हो रहे हैं, तो उनके लिए आस-पास में ही कहीं अन्य जगह पर व्यवस्था की गई है।

हालात काबू में है

आगे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, हालात काबू में है। जलस्तर सुबह 206 को छूने वाला ही था, इस वजह से पानी यहां तक आया है लेकिन इससे अधिक पानी नहीं आया ये अच्छी बात है। मैंने नियंत्रण कक्ष की भी समीक्षा की है। पानी जैसे आ रहा है वैसे ही आगे निकल रहा है। कहीं भी पानी रुक नहीं रहा है। ये यमुना बाढ़ क्षेत्र का इलाका है जहां इतने मकान बसे हुए हैं। इसलिए ये दिक्कत आई है।


Tags:    

Similar News