DELHI: होली और दिवाली पर मिलेगा फ्री गैस सिलेंडर, दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, खाते में ट्रांसफर होगा रकम

होली के अवसर पर पहला मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा। इसके लिए सिलेंडर की पूरी राशि सीधे महिलाओं के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजी जाएगी।

Update: 2026-01-21 09:50 GMT

नई दिल्ली। दिल्लीवासियों को त्योहारों से पहले बड़ी राहत मिली है। महंगाई के दौर में रसोई के बजट से आम लोगों की जेब ढीली हो रही है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने होली और दिवाली को लेकर एक खास फैसला लिया है। दरअसल अब दिल्ली की महिलाओं को इन दोनों बड़े त्योहारों पर फ्री गैस सिलेंडर मिलेगा। बता दें कि सिलेंडर सीधे नहीं दिया जाएगा, बल्कि उसकी कीमत सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी।

दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने दी औपचारिक मंजूरी

दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने इस योजना को औपचारिक मंजूरी दे दी। सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसके लिए 300 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी गई। दरअसल यह योजना भाजपा के चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादे का हिस्सा थी। कैबिनेट की मंजूरी के बाद संबंधित विभाग को आदेश भेजे जाएंगे, ताकि लाभार्थियों की सूची तैयार कर भुगतान प्रक्रिया शुरू की जा सके।

होली पर मिलेगी राशि

होली के अवसर पर पहला मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा। इसके लिए सिलेंडर की पूरी राशि सीधे महिलाओं के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजी जाएगी। इस योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा, जिनके पास वैध राशन कार्ड है और जो सरकार द्वारा तय की गई पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में सरकार का अहम कदम

सरकार के मुताबिक, यह योजना खासतौर पर मध्यम और निम्न आय वर्ग की महिलाओं के लिए मददगार साबित होगी। बढ़ती एलपीजी कीमतों के बीच यह फैसला महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News