1983 वर्ल्ड कप विजेता कीर्ति आजाद के सवाल पर भड़के ईशान किशन! जानें क्या है पूरा विवाद
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप में ट्रॉफी जीतने के बाद से ही देश में जश्न का माहौल है लेकिन इसी बीच एक विवाद भी खड़ा हो गया। दरअसल, न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर ट्रॉफी जीतने के तुरंत बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव, हेड कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के पास स्थित हनुमान टेकरी मंदिर में ट्रॉफी ले जाकर आशीर्वाद लिया था। इस पर 1983 वर्ल्ड कप विजेता कीर्ति आजाद ने सवाल उठाया था। जिस पर अब ईशान किशन का रिएक्शन भी सामने आया है।
टीम में हर धर्म के खिलाड़ी हैं
कीर्ति आजाद ने कहा था कि खेल और ट्रॉफी किसी एक धर्म की नहीं होती, बल्कि पूरे देश की होती है। उन्होंने पूछा कि टीम में हर धर्म के खिलाड़ी हैं, फिर ट्रॉफी को सिर्फ एक मंदिर क्यों ले जाया गया? क्यों इसे मस्जिद, चर्च या गुरुद्वारे में नहीं ले जाया गया? कीर्ति आजाद ने कहा था कि टीम इंडिया सिर्फ सूर्यकुमार यादव या जय शाह का परिवार नहीं, बल्कि पूरे भारत का प्रतिनिधित्व करती है और उस टीम में हर धर्म के खिलाड़ी हैं।
किशन का रिएक्शन आया सामने
इस विवाद पर अब टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन का रिएक्शन सामने आया है। वर्ल्ड कप जीत के बाद पटना लौटे ईशान से मीडिया ने इस मुद्दे पर सवाल किया लेकिन ईशान इस सवाल पर भड़के हुए नजर आए और उन्होंने कहा कि हमने कितना अच्छा वर्ल्ड कप जीता है, आप भी कुछ अच्छे सवाल पूछिए। कीर्ति आजाद ने क्या कहा है, अब इसमें मैं क्या बोलूं? ईशान का यह जवाब सीधा-सा था, जिसमें उन्होंने मुद्दे को टालते हुए टीम की ऐतिहासिक जीत पर फोकस करने की बात कही।