दिल्ली में डेंगू और मलेरिया ने स्वास्थ्य विभाग की उड़ाई नींद, इतना बढ़ा केस, इस तरह से बरतें सावधानी
दिल्ली नगर निगम एंटी-लार्वा स्प्रे अभियान में लाएगा तेजी;
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में डेंगू ने अपना पैर पसार लिया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक डेंगू के 315 मामले आ चुके हैं। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए संक्रमण तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ है।
मानसून सीजन में डेंगू का प्रजनन बढ़ जाता है
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मानसून सीजन में डेंगू का प्रजनन बढ़ जाता है। इन दिनों हर सप्ताह 20 से 25 नए मामले दर्ज हो रहे हैं। आने वाले दिनों में संक्रमण तेजी से फैल सकता है। मानसून सीजन में जहां-तहां पानी जमा होने की वजह से डेंगू के प्रजनन की संभावना बढ़ जाती है।
मलेरिया भी चिंता का विषय
डेंगू के अलावा मलेरिया फैलना भी राजधानी में चिंता का विषय बन चुका है। जानकारी के मुताबिक, अब तक मलेरिया के 148 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। मलेरिया के बढ़ते संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है।
साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना
स्वास्थ्य कर्मी के अनुसार डेंगू से बचाव के लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। मच्छरों के प्रजनन को रोकना ही सबसे खास उपाय है। इसके लिए लोगों को अपने घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए।
एंटी-लार्वा स्प्रे अभियान में तेजी
दिल्ली नगर निगम ने स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों के रिपोर्ट को देखते हुए सावधानी बरतते हुए एंटी-लार्वा स्प्रे अभियान में तेजी लाने की बात की है। जनता के सहयोग से ही इस बीमारी पर काबू पाया जा सकता है।