कड़ाके की ठंड से कांपेंगे दिल्लीवासी, अगले 72 घंटों में उत्तर-भारत के इन 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी...
उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक से करवट ले ली है। अभी तक दोपहर में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिलने लगी थी। लेकिन बीती रात से ठंड बढ़ गई है।
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुरा दिया है। हालांकि दिन के वक्त धूप के भी दिखाई दे रहा है। लेकिन आज यानी शुक्रवार की सुबह भी दिल्ली-एनसीआर के मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बना रहा। वहीं, यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की आशंका है।
यूपी में मौसम ने ली करवट
उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक से करवट ले ली है। अभी तक दोपहर में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिलने लगी थी। लेकिन गुरुवार रात से ठंड बढ़ गई है। आज यानी शुक्रवार सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। वहीं 19 और 20 जनवरी को यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है, जिससे ठंड में वृद्धि हो सकती है।
लखनऊ की बात करें तो दिन में गर्मी और रात में ठिठुरन वाली ठंड हो रही है। बीते दिन धूप खिलने से पारा 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के पारे में 15.2 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखा गया।
पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी
पंजाब और हरियाणा के कुछ जगहों पर कल यानी गुरुवार को पारा गिरकर हिमांक बिंदु के स्तर तक पहुंच गया जिससे दोनों राज्यों में ठंड का प्रकोप जारी रहा। मौसम विभाग कार्यालय के अनुसार गुरुवार को हिसार दोनों राज्यों में सबसे ठंड वाला जगह रहा और यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा और पड़ोसी राज्य पंजाब के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी का स्तर काफी कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस और नूंह में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के 6 राज्यों में अगले 72 घंटों में बारिश की चेतावनी जारी की है। 16 से 20 जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड में भी कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा, 18 से 20 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में एवं 19 और 20 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।