WPL 2026 में दीया यादव ने सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाली बल्लेबाज बनी! धुआंधार बैटिंग से बनाया वैभव सूर्यवंशी जैसा रिकार्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग में सिर्फ 14 साल की उम्र में डेब्यू करके वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया था। वैभव आईपीएल में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए थे। यहां तक कि उन्होंने अपने धुआंधार बल्लेबाजी से अबतक कई रिकार्ड अपने नाम किए हैं। वैभव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लगभग एक साल बाद अब WPL 2026 में भी सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाली खिलाड़ी का नया रिकॉर्ड बन गया है।
WPL की रिकॉर्डबुक में दर्ज
बता दें कि मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच वडोदरा में खेले गए मुकाबले में 16 साल की दीया यादव ने डेब्यू करते हुए ये कारनामा किया है। इसी के साथ, दिल्ली के लिए खेलते हुए इस युवा बल्लेबाज ने अपना नाम WPL की रिकॉर्डबुक में दर्ज करवा लिया है।
ऑक्शन में भी खरीदे जाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी
WPL 2026 के लिए नवंबर 2025 में हुए ऑक्शन में दीया यादव ने उस वक्त सबका ध्यान खींचा था, जब दिल्ली कैपिटल्स ने उनको 10 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। इस तरह वो WPL ऑक्शन में खरीदे जाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी भी बनी थी। हालांकि, इंतजार उनके डेब्यू का था, जो WPL 2026 सीजन के शुरुआती मुकाबलों में संभव नहीं हो पाया। लेकिन शुरुआती 4 मुकाबलों में 3 हार के बाद आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स ने युवा बल्लेबाज दीया यादव को मौका दे ही दिया।
दीया ने जी कमलिनी का रिकॉर्ड तोड़ा
WPL 2026 के 13वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच भिड़ंत हुआ। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने दाएं हाथ की बल्लेबाज दीया यादव को पहली बार प्लेइंग इलेवन में शामिल किया. इसी के साथ, सिर्फ 16 साल 103 दिन की उम्र में डेब्यू करने वाली दीया यादव WPL की सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं हैं। इस मामले में दीया ने जी कमलिनी का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने WPL 2025 सीजन में 16 साल 213 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। दीया के डेब्यू से ठीक पहले कमलिनी चोटिल होकर WPL 2026 से बाहर हो गईं हैं। उनकी जगह मुंबई इंडियंस ने 20 साल की वैष्णवी शर्मा को स्क्वॉड में शामिल कर लिया है।