ईरान पर बम मत गिराओ ...अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा-ईरान और इजरायल ने सीजफायर का किया उल्लंघन
नई दिल्ली। ईरान और इजरायल सीजफायर ऐलान के बाद भी दोनों देशों ने इसका उल्लंघन किया है। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ईरान और इजरायल दोनों ने सीजफायर का उल्लंघन किया है। उन्होंने दोनों देशों से सीजफायर नहीं तोड़ने की अपील की है। इजरायल को चेतावनी देते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान पर बम मत गिराओ। ऐसा करना सीजफायर का बड़ा उल्लंघन होगा। अपने पायलटों को तुरंत वापस बुलाओ।
ईरान-इजरायल के बीच युद्धविराम अब लागू हो गया
बता दें कि ट्रंप ने कहा कि ईरान की परमाणु क्षमताएं खत्म हो गई हैं। तेहरान कभी भी अपने परमाणु कार्यक्रम का पुनर्निर्माण नहीं करेगा। ट्रंप ने कहा कि वह इजरायल और ईरान दोनों से खुश नहीं हैं। नाटो शिखर सम्मेलन के लिए नीदरलैंड रवाना होने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने ये बातें कही। अमेरिकी राष्ट्रपति ने थोड़ी देर पहले कहा था कि ईरान-इजरायल के बीच युद्धविराम अब लागू हो गया है। उन्होंने दोनों देशों से सीजफायर का उल्लंघन नहीं करने की अपील की थी।
वो धर्म और सत्य के मार्ग से भटक गए
दरअसल, ट्रंप ने कहा कि इजरायल और ईरान मेरे पास लगभग एक ही समय पर आए और बोले शांति, मुझे पता था कि अब समय आ गया है। दुनिया और मध्य पूर्व ही असली विजेता हैं। दोनों राष्ट्र अपने भविष्य में जबरदस्त प्रेम, शांति और समृद्धि देखेंगे। उन्हें बहुत कुछ हासिल करना है और फिर भी अगर वो धर्म और सत्य के मार्ग से भटक गए तो उन्हें बहुत कुछ खोना पड़ेगा।
सीजफायर से पहले उस पर हमला किया था
ईरान ने सोमवार को इराक और कतर में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर छह मिसाइलें दागी थी। इसके बाद कतर ने कहा था कि वह इसे अपनी संप्रभुता, हवाई क्षेत्र, अंतर्राष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन मानता है। इजरायल ने कहा कि ईरान ने सीजफायर का उल्लंघन किया है। ईरान ने इजरायल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसने सीजफायर से पहले उस पर हमला किया था।