जंग की दोहरी मार, कल है बेटी की शादी, नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर, कैटरिंग वालों ने झाड़ा पल्ला, मेहमानों को कैसे खिलाएं खाना?
कैटरिंग वालों ने साफ कह दिया है कि व्यावसायिक गैस की कमी की वजह से खाने की जिम्मेदारी तभी लेंगे जब परिवार खुद गैस सिलेंडरों की व्यवस्था करेगा
मुंबई। मिडल ईस्ट में जारी युद्ध की आग अब धीरे-धीरे पूरे देश में फैल रही है, जिसका असर अब शादियों पर भी दिखाई देने लगा है। दरअसल, ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन की व्यवस्था में कमी आ रही है। ऐसा ही एक मामला महाराष्ट्र के नासिक और पिंपरी-चिंचवड़ में देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, कई परिवारों की खुशियां गैस सिलेंडर की किल्लत की वजह से मायूसी में बदल गई।
खुशबू की शादी कल होने वाली है
जानकारी के मुताबिक, नासिक के सहारा इलाके के निवासी सुनील बेलसारे की बेटी खुशबू की शादी कल यानी 14 मार्च को होनी है। घर में मेहमान भी आ चुके हैं, उत्साह का माहौल है, लेकिन रसोई में गैस कहां से आए। शादी में लगबग 2,000 मेहमानों को बुलाया गया है। हलवाई के लिए गैस सिलेंडरों का इंतजाम नहीं हो रहा है।
गैस की कालाबाजारी का आरोप
सुनील बेलसारे ने आरोप लगाया कि बाजार में गैस की भारी कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने बताया कि हमने हर गैस देने वाले से बात की ,लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहे। जहां मिल भी रहे हैं, वो ऊंचे दाम मांग रहे हैं। ऐसे में समझ नहीं आ रहा कि मेहमानों के लिए खाना कैसे बनेगा।
हलवाई ने खड़े किए हाथ
दूसरी ओर, पिंपरी-चिंचवड़ के एक परिवार की है। उनकी बेटी की शादी इस रविवार मतलब 15 मार्च को होने वाली है। दो महीने पहले जब शादी की तारीख तय हुई थी, तब किसी ने नहीं सोचा था कि खाड़ी देशों के युद्ध की वजह से इतनी परेशानी उठानी पड़ेगी। अब कैटरिंग वालों ने साफ कह दिया है कि व्यावसायिक गैस की कमी की वजह से खाने की जिम्मेदारी तभी लेंगे जब परिवार खुद गैस सिलेंडरों की व्यवस्था करेगा। गौरतलब है कि दोनों परिवारों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटियों की विदाई बिना किसी बाधा के संपन्न हो जाए।