निर्माणाधीन पुल पर बजरी से भरा ट्रक पलटा, टेंट में सो रहे पांच लोगों पर गिरा, तीन की मौत

घटना में घायल दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया

By :  Aryan
Update: 2026-04-10 04:05 GMT

नागल। निर्माणाधीन पुल पर चढ़ा बजरी से भरा ट्रक पलट गया और टेंट में सो रहे पांच लोगों पर गिर गया। इस घटना में टेंट में सो रहे तीन की मजदूरों की मौत हो गई। दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चालक ने रास्ता न मिलने पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर ट्रक चढ़ा दिया था। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।

गांव बोहडुपुर के पास काली नदी पर पुल बन रहा है 

सीडकी-झबरेड़ा मार्ग पर नागल क्षेत्र में आधी रात को गांव बोहडुपुर के पास काली नदी के निर्माणाधीन पुल पर चढ़ा बजरी से भरा ट्रक पास ही सो रहे मजदूरों के टेंट पर पलट गया। हादसे के दौरान बजरी के नीचे आकर पांच मजदूर दब गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सभी ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद बजरी हटाकर पांचों को गंभीर हालत में बाहर निकाला और जिला अस्पताल भर्ती कराया। सीओ देवबंद अभितेष सिंह ने बताया कि ट्रक खेड़ा मुगल क्षेत्र में बजरी लेकर जा रहा था। चालक की तलाश की जा रही है।

तीन मजदूरों की मौत हुई

अस्पताल में भर्ती करने के दौरान डॉक्टरों ने तीन मजदूरों असगर, इस्तखार, शौकीन निवासी जाटोवाला थाना मिर्जापुर को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दो गुलफाम निवासी जाटोवाला और कर्मवीर निवासी असगरपुर का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद चालक भाग गया। ग्रामीणों ने बताया कि पुल पर डेढ़ माह से काम चल रहा है। रात के वक्त चालक बगल से बनाए गए वैकल्पिक मार्ग पर जाने के बजाय पुल पर चढ़ गया और हादसा हो गया। बताया जाता है कि दो दिन पहले ही 15 मजदूर छुट्टी पर गए थे। यदि वह भी टेंट में होते तो और कईयों की जान पर बन सकती थी।

Tags:    

Similar News