मैं कभी भी बॉलीवुड नहीं छोड़ना चाहती थी...प्रियंका चोपड़ा ने मायानगरी छोड़ने पर किया बड़ा खुलासा, बोलीं-मैं फिर से वाराणसी...
मुंबई। प्रियंका चोपड़ा अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बनी रहती हैं। फिलहाल अभिनेत्री बॉलीवुड में कमबैक को लेकर चर्चा में छाई हुई है। ग्लोबल आइकन बन चुकी प्रियंका ने एक बड़ा खुलासा किया है। जहां हिंदी सिनेमा में अपने करियर के पीक पर एक्ट्रेस हॉलीवुड में मौके ढूंढने के लिए यूनाइटेड स्टेट्स चली गई थीं और वहीं से अपना करियर फिर से शुरू किया।
वहीं हाल ही में एक इंटरव्यू में प्रियंका ने बताया कि वह कभी भी बॉलीवुड नहीं छोड़ना चाहती थीं, लेकिन उन्हें हिंदी सिनेमा के बाहर मौके तलाशने के लिए "धकेला" गया। दरअसल एक इंटरव्यू के दौरान बॉलीवुड से हॉलीवुड तक के अपने सफर के बारे में बात करते हुए, प्रियंका ने कहा कि “मुझे नहीं लगता कि मैं कभी बॉलीवुड छोड़ना चाहती थी।
उन्होंने आगे कहा कि जब मैं हिंदी फिल्मों में काम कर रही थी, तो कई वजहों से मुझे लगा कि मैं लिमिटेड हूं। मैं आगे बढ़ना चाहती थी। मुझ पर ऐसे मौके ढूंढने के लिए दबाव डाला गया जो एक आर्टिस्ट के तौर पर मेरे लिए एक्साइटिंग हों। मैं अमेरिका में काम करने लगी और अब मुझे लगता है कि लगभग 12 साल बाद, मुझे सच में अमेजिंग काम चुनने का मोमेंटम मिल रहा है और यह आसान नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि मुझे अपनी इंडियन फिल्में बहुत पसंद हैं। मैं फिर से वाराणसी, इंडिया वापस आकर बहुत खुश हूं और मुझे दोनों में से किसी एक को चुनना बिल्कुल पसंद नहीं आएगा। मैंने कभी नहीं चुना। मुझे लगता है कि मैं दोनों दुनिया में हूं और मुझे दोनों इंडस्ट्रीज में काम करने में मजा आता है।
बता दें कि 2012 में जब प्रियंका ने अपना म्यूजिक करियर शुरू किया, तो उन्होंने हॉलीवुड में मौके तलाशने शुरू कर दिए। उन्होंने टेलीविजन शो क्वांटिको में लीड रोल के तौर पर वेस्ट में एक्टिंग डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने बेवॉच और द मैट्रिक्स रिसरेक्शन्स जैसी बड़ी फिल्मों में सपोर्टिंग रोल किए।