एआई इंपेक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर सियासी संग्राम! अब मायावती का भी आया बड़ा बयान, जानें क्या कहा
नई दिल्ली। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इंपेक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर देश में सियासी घमासान मचा हुआ है। इस मामले में बीजेपी कांग्रेस का जमकर विरोध कर रही है। साथ ही राहुल गांधी से माफी की मांग कर रही है। वहीं इस मामले में बसपा सुप्रीमो मायावती का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने इस प्रदर्शन की आलोचना की और कहा कि ये घटना बेहद अशोभनीय है। अगर ये सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी।
वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय
दरअसल, मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि नई दिल्ली में आयोजित ’एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह इवेन्ट अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खि़यों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है।
देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाये
मायावती ने आगे कहा कि अगर यह सम्मेलन अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिन्ता की बात है अर्थात अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा।