भारत सरकार की कोशिशें लाई रंग! यमन से आई राहत वाली खबर, निमिषा प्रिया की फांसी टली, जानें क्या है पूरा मामला

Update: 2025-07-15 09:13 GMT

नई दिल्ली। निमिषा प्रिया के लिए एक राहत वाली खबर सामने है। जहां निमिषा को 16 जुलाई 2025 फांसी दी जानी थी। लेकिन अब ऐसा नहीं होने वाला है। मिली जानकारी के अनुसार निमिषा प्रिया की फांसी टाल दी गई है। लेकिन फिलहाल जो जानकारी सामने आई, उसके अनुसार यह तारीख पोस्टपोन कर दी गई है। इस मामले में भारत सरकार लगातार यमन की सरकार के संपर्क में बनी हुई है।

फांसी रोकने के लिए भारत सरकार हर संभव प्रयास कर रही है

बता दें कि निमिषा की फांसी रोकने के लिए भारत सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार ने यमन से कुछ और दिनों की मांग की थी। जिससे निमिषा का परिवार पीड़ित परिवार को ब्लड मनी के लिए मना सके। दरअसल, निमिषा प्रिया का मामला काफी संवेदनशील था। इसके बावजूद सरकार लगातार यमन के संपर्क में थी।

भारत सरकार की कोशिशें रंग लाई

वहीं निमिषा के फांसी के एक दिन पहले यह राहत वाली खबर सामने आई। आखिरकार भारत सरकार की कोशिशें रंग लाई और निमिषा की फांसी को कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है। हालांकि, यह फांसी कब तक के लिए टली है? इसपर फिलहाल अपडेट सामने नहीं आया है।

निमिषा की जान बचाने का सिर्फ एक ही रास्ता

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में बीते दिनों सुनवाई के दौरान भारत सरकार ने कहा था कि निमिषा की जान बचाने का सिर्फ एक ही रास्ता है। अगर पीड़ित परिवार ब्लड मनी के लिए मान जाता है, तो निमिषा को बचाया जा सकता है। पीड़ित परिवार को 10 हजार अमेरिकी डॉलर (8.5 करोड़ रुपये) का ब्लड मनी देने की पेशकश की गई है। लेकिन, परिवार ने अभी तक इसे स्वीकार नहीं किया है।

क्या है मामला

दरअसल, केरल के पलक्कड़ की रहने वाली निमिषा करीब दो दशक पहले अपने पति और बेटी के साथ यमन चली गई थीं। वे यहां काम कर रही थीं। यमन में गृहयुद्ध की वजह से साल 2016 में देश से बाहर जाने पर पाबंदी लग गई, लेकिन इससे पहले उनके पति और बेटी 2014 में ही भारत लौट आए। निमिषा वापसी नहीं कर सकीं। इसी के बाद 2017 में उन पर हत्या का आरोप लग गया। 

Tags:    

Similar News