उद्योगपति अनिल अंबानी ईडी दफ्तर पहुंचे, फेमा जांच में पूछताछ के लिए समन, जानें पूरा मामला
यह मामला उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) द्वारा लिए गए ऋणों में कथित हेराफेरी से जुड़ा है।
नई दिल्ली। रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दिल्ली स्थित मुख्यालय पहुंचे। यह पेशी 40 हजार करोड़ के कथित बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के दूसरे दौर का हिस्सा है। ईडी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत उनका बयान दर्ज कर रही है। यह मामला उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) द्वारा लिए गए ऋणों में कथित हेराफेरी से जुड़ा है।
संपत्ति की कुर्की
अंबानी की पेशी से ठीक एक दिन पहले, ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत उनके मुंबई स्थित आलीशान आवास 'एबोड' (Abode) को कुर्क किया है, जिसकी कीमत ₹3,716 करोड़ आंकी गई है।
SIT का गठन
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद, ईडी ने अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप (ADAG) के खिलाफ बैंक ऋण धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं के तीन मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
फेमा जांच
इससे पहले अनिल अंबानी को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत राजस्थान में एक हाईवे प्रोजेक्ट से जुड़े ₹100 करोड़ के कथित अवैध प्रेषण के मामले में भी समन भेजा गया था। इस मामले में अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी को भी समन भेजा गया है, हालांकि उन्होंने पूर्व में पेशी से छूट मांगी थी।