जावेद अख्तर को अफगानी विदेश मंत्री मुत्तकी का भारत दौरा नहीं आया रास! कहा- मेरा सिर शर्म से जाता है झुक, जानें पूरा मामला

भारत ने अभी तक तालिबान को मान्यता नहीं दी है;

By :  Aryan
Update: 2025-10-14 07:39 GMT

मुंबई। लेखक और गीतकार जावेद अख्तर ने अफगान तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी के नई दिल्ली यात्रा के दौरान हुए स्वागत को लेकर कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि उनका सिर शर्म से झुक गया है। मुत्तकी अभी भारत में छह दिन की यात्रा पर हैं। जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया पर पर लिखा कि जब मैं देखता हूं कि दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी समूह तालिबान के प्रतिनिधि को उन लोगों द्वारा किस तरह का सम्मान और स्वागत दिया गया है जो सभी प्रकार के आतंकवादियों के खिलाफ मंच से आवाज उठाते हैं, तो मेरा सिर शर्म से झुक जाता है।

दारुल उलूम देवबंद को भी आनी चाहिए शर्म

जावेद अख्तर ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित दारुल उलूम देवबंद मदरसा की कड़ी निंदा की है। यह मदरसा दक्षिण एशिया के सबसे प्रभावशाली इस्लामी मदरसों में से खास है। उन्होंने कहा कि दारुल उलूम देवबंद को भी शर्म आनी चाहिए कि उसने अपने इस्लामी नायक का इतना सम्मान देते हुए स्वागत किया, जो कि उन लोगों में से एक है जिन्होंने लड़कियों की शिक्षा पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। मेरे भारतीय भाई और बहन ये हमारे साथ क्या हो रहा है?

इस तरह से मुत्तकी की भारत यात्रा हुई संभव

मुत्तकी की यह यात्रा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की तालिबान प्रतिबंध समिति द्वारा लगाए गए यात्रा प्रतिबंध से छूट मिलने के बाद संभव हुई है। 25 जनवरी 2001 को संयुक्त राष्ट्र ने मुत्तकी को प्रतिबंधित सूची में डाल दिया था और उन पर यात्रा प्रतिबंध, संपत्ति जब्ती और हथियार प्रतिबंध लगाए गए थे।

गौरतलब है कि भारत ने अभी तक तालिबान को मान्यता नहीं दी है और काबुल में एक समावेशी सरकार के गठन की वकालत कर रहा है। पिछले हफ्ते, दिल्ली में मुत्तकी के मीडिया संवाद में महिला पत्रकारों की अनुपस्थिति को लेकर भी काफी विवाद हुआ था। उनकी अनुपस्थिति को अस्वीकार्य और महिलाओं का अपमान बताया गया था।


Tags:    

Similar News