KC Tyagi JDU resignation: पूर्व राज्यसभा सांसद केसी त्यागी जेडीयू से हुए अलग, नीतीश कुमार को लेकर दिया यह बयान

केसी त्यागी ने कहा कि वह जल्द ही अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर फैसला करेंगे और इसके लिए अपने साथियों एवं समर्थकों से चर्चा करेंगे

By :  Aryan
Update: 2026-03-17 13:10 GMT

पटना। जेडीयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद केसी त्यागी ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। हालांकि उन्होंने सदस्यता रिन्यू नहीं कराई है और JDU पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। दरअसल लगभग दो दशकों से के सी त्यागी जेडीयू से जुड़े थे, ऐसे में उनका अचानक से इस्तीफा दे देना बिहार की सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, वह आगे की राजनीतिक दिशा जल्द तय करेंगे।

पार्टी का सदस्यता अभियान हुआ खत्म

जानकारी के मुताबिक, केसी त्यागी ने साफ कहा कि वह जेडीयू से अलग हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है और इस बार उन्होंने अपनी सदस्यता नवीनीकरण नहीं कराया। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर फैसला करेंगे और इसके लिए अपने साथियों एवं समर्थकों से चर्चा करेंगे।

जेडीयू से जुड़ाव

अक्तूबर 2003 में समता पार्टी और जनता दल के विलय से जेडीयू का गठन हुआ था। उस वक्त से लेकर अब तक वह पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। उन्होंने पार्टी में मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया।

व्यक्तिगत रिश्ते आगे भी रहेंगे कायम

पार्टी छोड़ने के बाद भी केसी त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति सम्मान जताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के साथ उनका बहुत पुराना संबंध रहा है और उनके प्रति उनका व्यक्तिगत सम्मान पहले की तरह ही बना रहेगा। त्यागी ने कहा कि राजनीतिक फैसले अलग हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत रिश्ते कायम रहते हैं।

वैचारिक यात्रा रहेगी जारी

पार्टी छोड़ने के बावजूद त्यागी ने स्पष्ट किया कि विचारधारा और सिद्धांतों के प्रति अडिग वैचारिक यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि शोषितों, किसानों, खेतिहर मजदूरों और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनकी प्रतिबद्धता हमेशा की तरह मजबूत रहेगी। वे भारत रत्न चौधरी चरण सिंह, डॉ. राम मनोहर लोहिया और कर्पूरी ठाकुर के समाजवादी सिद्धांतों को अपना मार्गदर्शक मानते रहेंगे।

Tags:    

Similar News