प्यार ने ले ली जान, सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, छात्र की लाश के पास मिली जूठी थाली और सिगरेट के टुकड़े, जानें पूरा मामला
मृतक इंजीनियरिंग का छात्र था और MIT कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। शव के पास जूठी थालियां और कई सिगरेट के टुकड़े मिले हैं, जिससे परिजनों को हत्या की संभावना लग रही है
पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया में फेसबुक और इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के मुद्दे ने अब खतरनाक मोड़ ले लिया है। शहर में एक बार फिर से लड़की को लेकर विवाद खड़ा होता दिख रहा है। दरअसल एक इंजीनियरिंग छात्र की लाश संदिग्ध परिस्थिति में पाई गई है। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक, यह मामला सदर थाना क्षेत्र के रामबाग सरना चौक का है, जहां एक छात्र की लाश कमरे के अंदर मिली। इस घटना की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक इंजीनियरिंग का छात्र था
जानकारी के अनुसार, मृतक इंजीनियरिंग का छात्र था और MIT कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। शव के पास जूठी थालियां और कई सिगरेट के टुकड़े मिले हैं, जिससे परिजनों को हत्या की संभावना लग रही है। परिजनों ने कहा कि पहले कमरे में पार्टी की गई और उसके बाद हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। मृतक के भाई ने जानकारी दी कि उसका भाई जिस लड़की से बात करता था, उस लड़की कई और लड़को से भी संबंध थे।
जान से मारने की दी थी धमकी
इस मामले में पहले मारपीट की गई, उसके बाद जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। हालांकि, बाद में आपसी दोस्ती होने की बात कहकर उसे घर पर पार्टी के लिए बुलाया गया था। परिजनों ने जानकारी दी कि बीती रात जब वह घर पर नहीं था, सुबह लौटने पर बाहर से गेट बंद था। अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था और उसका भाई फंदे से लटक रहा था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि मृतक मधेपुरा जिले के पुरैनी का निवासी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। यह आत्महत्या है अथवा सुनियोजित हत्या, इस बता का खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।