बिहार: राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म, नतीजों से पहले ही महागठबंधन को लगा बड़ा झटका
नई दिल्ली। आज देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए जारी चुनावी प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है। बता दें कि 37 में से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। अब सभी का ध्यान उन 11 सीटों पर है जहां उम्मीदवारों की संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक होने के कारण आज वोटिंग हो रही है। ऐसे में बिहार में 16 मार्च 2026 को राज्यसभा की 5 सीटों के लिए हुए मतदान में महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है। दरअसल महागठबंधन के 4 विधायको ने वोट नहीं डाला। जिसके चलते सभी 5 सीटों पर NDA की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
बिहार राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म
बता दें कि बिहार राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। जिसके बाद अब सभी की नजरें घोषित नतीजे पर होगी।
महागठबंधन को लगा बड़ा झटका
जानकारी के मुताबिक इस चुनाव में महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उसके चार विधायकों ने वोट नहीं डाला। जानकारी के मुताबिक फैसल रहमान (राजद) ने मतदान नहीं किया, जबकि कांग्रेस के तीन विधायक मनोहर प्रसाद, सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास ने भी अपना वोट नहीं डाला। इसके कारण महागठबंधन के विधायकों का आंकड़ा 37 पर ही रुक गया। वहीं एनडीए के सभी 202 विधायकों ने मतदान किया है। ऐसे में एनडीए के पांचवें उम्मीदवार शिवेश कुमार की जीत लगभग तय मानी जा रही है। अनुमान है कि उन्हें एनडीए के 38 वोट मिल सकते हैं, जबकि आरजेडी उम्मीदवार एडी सिंह को 37 वोट मिलने की संभावना है। मतदान खत्म होने के बाद अब थोड़ी देर में मतगणना शुरू होगी, जिसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।