मनसे का रेलवे को अल्टीमेटम! कहा- रत्नागिरी पैसेंजर नहीं चली तो यूपी-बिहार की ट्रेनें भी होंगी बंद

मनसे पार्टी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान इस ट्रेन को बंद किया गया था, लेकिन जब सेवाएं दोबारा शुरू की गईं, तब भी इसे दादर तक बहाल नहीं किया गया।

By :  Aryan
Update: 2026-03-25 08:35 GMT

मुंबई। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने रेलवे को सीधे तौर पर चेतावनी दे दी है। दरअसल यह मामला मुंबई से कोंकण जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रत्नागिरी से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, मनसे ने रत्नागिरी ट्रेन को दादर तक चलाने की मांग की है। इस मामले में मनसे ने रेलवे को 15 से 20 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। इसके साथ ही मनसे ने यह भी कहा कि यदि उनकी मांगें तय समय सीमा के अंदर पूरी नहीं हुई, तो यूपी और बिहार जाने वाली ट्रेनों को भी रोका जा सकता है।

कोंकणी लोगों के लिए खास थी ट्रेन

दरअसल यह ट्रेन पहले दादर से सीधे रत्नागिरी तक चलती थी। जिससे कोंकण क्षेत्र में जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलती थी। खासतौर पर मुंबई में काम करने वाले कोंकणी लोगों के लिए यह ट्रेन बेहद खास थी। लेकिन बीते कुछ सालों में रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन को दादर से हटाकर ठाणे जिले के दिवा स्टेशन तक सीमित कर दिया। वहीं, इस बदलाव करने को लेकर रेलवे ने स्पष्ट कारण नहीं बताया था।

कामकाजी लोगों को हो रही है परेशानी

मनसे ने आरोप लगाया है कि इस फैसले से हजारों यात्रियों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। पहले जहां यात्री सीधे दादर से ट्रेन पकड़ लेते थे, वहीं अब उन्हें अधिक समय और पैसा लगाकर दिवा स्टेशन तक जाना पड़ता है। इससे रोज यात्रा करने वाले यात्रियों, कामकाजी लोगों और बुजुर्गों को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कोंकण के लोगों के साथ अन्याय

दरअसल पार्टी का कहना है कि यह ट्रेन का मामला नहीं है, बल्कि कोंकण के लोगों के साथ अन्याय है। मनसे पार्टी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान इस ट्रेन को बंद किया गया था, लेकिन जब सेवाएं दोबारा शुरू की गईं, तब भी इसे दादर तक बहाल नहीं किया गया। मनसे का कहना है कि उन्होंने इस मुद्दे को रेलवे अधिकारियों के सामने उठाया कई बार रखा, लेकिन हर बार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर दिया गया।



Tags:    

Similar News