खुले नाले में गिरा युवक, घंटों तलाश की गई लेकिन नहीं मिला सुराग…
सीसीटीवी के फुटेज से पता चला कि युवक चलते-चलते अचानक नाले में गिर जाता है
नोएडा। यूपी के ग्रेटरनोएडा के बाद अब बरेली में भी एक युवक खुले नाले में गिर गया। दरअसल बरेली जिले के सेटेलाइट बस अड्डे के पास एक युवक खुले नाले में जा गिरा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस और राहत टीमों ने मिलकर युवक की घंटों तक तलाश की। लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया। जानकारी के मुताबिक, बस अड्डे के पास मौजूद लोगों ने देखा कि एक युवक सड़क किनारे बने गहरे नाले में गिर गया, तो लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने दी जानकारी
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह हादसा नगर निगम की बड़ी लापरवाही का नतीजा है। होली से पहले सफाई अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों ने नाले के ऊपर लगे स्लैब ढक्कन हटा दिए थे। लेकिन सफाई के बाद इन्हें वापस ठीक से नहीं लगाया गया। इसी वजह से नाला कई दिनों से खुला पड़ा था।
अंधेरा में दिखाई नहीं दिया
दरअसल रात में अंधेरा और भीड़ होने की वजह से युवक को खुला नाला दिखाई नहीं दिया और वह सीधे उसमें गिर गया। लोगों ने कहा कि अगर नाला बंद होता या फिर कोई चेतावनी लगी होती, तो यह हादसा नहीं होता।
सीसीटीवी से घटना का पता चला
थाना बारादरी के इंस्पेक्टर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज से पता चला कि युवक चलते-चलते अचानक नाले में गिर जाता है। जानकारी के मुताबिक, युवक की हालत देखकर ऐसा लग रहा है कि वह नशे में था, जिसकी वजह से उसे सामने खतरा नजर नहीं आया। हालांकि अभी तक कुछ साफ नहीं हो पाया है।
कोई सुराग नहीं मिला
इस मामले में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी काम में जुट गईं। राहत टीमों ने नाले का पानी निकालने और अंदर जाकर तलाशी ली, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया।