Epstein Files: ब्रिटेन किंग चार्ल्स के छोटे भाई प्रिंस एंड्रयूज माउंटबेटन को पुलिस ने किया गिरफ्तार, एपस्टीन फाइल्स में नाम शामिल

दिवंगत महारानी एलिजाबेथ के दूसरे बेटे माउंटबेटन-विंडसर ने एपस्टीन से संबंधित किसी भी गलत काम से हमेशा इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें अपनी दोस्ती पर पछतावा है

Update: 2026-02-19 11:41 GMT

नई दिल्ली। अमेरिका के दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से संबंधों के मामले में ब्रिटेन में बड़ी कार्रवाई हुई है। इस मामले में ब्रिटेन के किंग चार्ल्स-III के छोटे भाई और पूर्व प्रिंस एंड्रयूज माउंटबेटन को गिरफ्तार कर लिया गया है। हाल ही में अमेरिकी एपस्टीन फाइल्स में उनका नाम सामने आया था। बीबीसी टीवी के अनुसार पुलिस ने जेफरी एपस्टीन से संबंधों को लेकर सार्वजनिक पद पर कदाचार के शक में प्रिंस एंड्रयू को गिरफ्तार किया है।

माउंटबेटन-विंडसर ने यौन अपराधी को गोपनीय सरकारी दस्तावेज सौंपे थे

जानकारी के मुताबिक, आज यानी गुरुवार को पूर्वी इंग्लैंड के सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित वुड फार्म में छह बिना नंबर वाली पुलिस कारें और लगभग आठ सादे कपड़ों में पुलिस अधिकारी पहुंचे थे। थेम्स वैली पुलिस ने कहा था कि अधिकारी उन आरोपों पर विचार कर रहे हैं कि माउंटबेटन-विंडसर ने यौन अपराधी को गोपनीय सरकारी दस्तावेज सौंपे थे, जैसा कि अमेरिकी सरकार की ओर से हाल ही में जारी की गई फाइलों से पता चलता है।

एपस्टीन से संबंधित किसी भी गलत काम से इंकार

दिवंगत महारानी एलिजाबेथ के दूसरे बेटे माउंटबेटन-विंडसर ने एपस्टीन से संबंधित किसी भी गलत काम से हमेशा इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें अपनी दोस्ती पर पछतावा है। हालांकि, नए दस्तावेजों के सामने आने के बाद से उन्होंने कई अनुरोधों के बावजूद मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

बर्कशायर और नॉरफॉक में तलाशी अभियान जारी

इस मामले में पुलिस ने सीधे तौर पर एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर का नाम नहीं लिया गया है। थेम्स वैली पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि अधिकारियों ने सार्वजनिक पद पर दुर्व्यवहार के संदेह में साठ साल से अधिक आयु के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि बर्कशायर और नॉरफॉक में स्थित पतों पर तलाशी अभियान चला रहे हैं।

गिरफ्तारी को लेकर पुलिस का बयान

सहायक मुख्य कांस्टेबल ओलिवर राइट ने कहा कि विस्तृत मूल्यांकन के बाद हमने अब सार्वजनिक पद पर दुर्व्यवहार के इस आरोप की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि हम इस कथित अपराध की जांच के लिए अपने सहयोगियों के साथ काम करते हुए अपनी जांच की निष्पक्षता और अखंडता की रक्षा करें। हम इस मामले में जनता की महत्वपूर्ण रुचि को समझते हैं और हम उचित समय पर मामले की जानकारी देंगे।

एपस्टीन फाइल में इन बड़ी शख्सियतों का नाम शामिल

एपस्टीन फाइल्स में, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, एलन मस्क, बिल गेट्स, माइकल जैक्सन, मिक जैगर, केविन स्पेसी, एहुद बाराक, लैरी समर्स, बिल रिचर्डसन, प्रिंस एंड्रयू, लेस वेक्सनर, नोम चॉम्स्की और स्टीफन हॉकिंग का नाम शामिल हैं।

Tags:    

Similar News