राहुल गांधी समेत 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी देने वाले को पुलिस ने हिरासत में लिया, कांग्रेस ने लगाया यह आरोप

Update: 2026-02-19 12:21 GMT

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी देने वाले राज सिंह आमेरा को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया। कोटा शहर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दी गई धमकी को गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए आरोपी को डिटेन किया। वहीं इस मामले में सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस गंभीर आरोप लगा रही है।

इससे हमारा कोई संबंध नहीं है

वीडियो में राज सिंह आमेरा ने खुद को करणी सेना का कोटा संभागीय प्रभारी बताया। वहीं करणी सेना ने कहा कि इससे हमारा कोई संबंध नहीं है। फिलहाल जिस अकाउंट से ये धमकी दी गई थी वह बंद कर दिया गया है। आमेरा कोटा का रहने वाला है। इसने इंस्टाग्राम पर यह पोस्ट डालकर धमकी दी थी। वहीं राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गाधी को खुलेआम हत्या की धमकियां दी जा रही हैं, ये RSS की वही जहरीली मानसिकता है जिसने कभी नाथूराम गोडसे को जन्म दिया था। ये BJP-RSS की कट्टर वैचारिक उग्रता का मॉडल है, जहां असहमति और विरोध को "राष्ट्र-विरोध" बताकर पहले माहौल बनाया जाता है और अंत में हिंसा की जमीन तैयार करते हैं।

आखिर ऐसे लोगों पर कब कार्रवाई होगी

इसके आगे उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे नेता विपक्ष राहुल करोड़ों हिंदुस्तानियों के हक व न्याय की आवाज हैं। लेकिन हैरानी की बात है कि उन्हें हत्या की धमकी देने और षड्यंत्र करने वाले उग्र संगठनों के नेता व कार्यकर्ता आजाद घूम रहे हैं। आखिर ऐसे लोगों पर कब कार्रवाई होगी? BJP-RSS कितना भी जहर घोल ले, ये देश गोडसे की सोच पर नहीं, गांधी के रास्ते पर चलेगा।

Tags:    

Similar News