AIMIM अब अकेले लड़ेगी चुनाव, हुमायूं कबीर की पार्टी से तोड़ा गठबंधन…

ओवैसी की पार्टी AIMIM ने कहा पार्टी ऐसे किसी भी बयान से खुद को नहीं जोड़ सकती, जिससे मुसलमानों की ईमानदारी पर सवाल उठे

By :  Aryan
Update: 2026-04-10 06:05 GMT

कोलकता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान एक वीडियो के वायरल होने के बाद से सियासी हलचल तेज हो गई है। दरअसल यह वीडियो हुमायूं कबीर से जुड़ा हुआ है। तृणमूल कांग्रेस ने ED से इस वीडियो की जांच करने की मांग की है। तृणमूल कांग्रेस ने हुमायूं कबीर पर बीजेपी के साथ एक डील को लेकर आरोप लगया था। अब अचानक आज यानी शुक्रवार को असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने हुमायूं कबीर की पार्टी AJUP के साथ अपना राजनीतिक गठबंधन खत्म करने का ऐलान कर दिया है।

AIMIM ने तोड़ा गठबंधन

ओवैसी की पार्टी AIMIM ने आज यानी शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि हुमायूं कबीर से जुड़े खुलासों से यह साफ हो गया है कि बंगाल के मुसलमान कितने कमजोर हैं। AIMIM ऐसे किसी भी बयान से खुद को नहीं जोड़ सकती, जिससे मुसलमानों की ईमानदारी पर सवाल उठे। पार्टी ने आगे कहा कि आज से, AIMIM ने कबीर की पार्टी AJUP के साथ अपना गठबंधन तोड़ दिया है।

बंगाल के मुसलमान सबसे उपेक्षित हैं

AIMIM ने आगे लिखा कि बंगाल के मुसलमान सबसे गरीब, उपेक्षित और शोषित समुदायों में से एक हैं। दशकों तक धर्मनिरपेक्ष शासन रहने के बावजूद, उनके लिए कुछ भी नहीं किया गया है। किसी भी राज्य में चुनाव लड़ने के पीछे AIMIM की नीति यही होती है कि हाशिए पर पड़े समुदायों की अपनी एक आजाद राजनीतिक आवाज हो। इसलिए अब हम बंगाल में स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगे और आगे किसी भी पार्टी के साथ हमारा कोई गठबंधन नहीं होगा।

Tags:    

Similar News