महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं की मतगणना के बीच राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर कसा यह तंज
मुंबई। आज महाराष्ट्र महानगरपालिका की महापरीक्षा के नतीजे का दिन है। महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं में वोटों की गिनती शुरू हो गई है। मुंबई में BMC के वोटों की गिनती के लिए 23 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं और हर सेंटर में एक बार में 2 वार्ड के वोटों की गिनती हो रही है। इस तरह एक बार में 46 वार्ड के वोट गिने जा रहे हैं, और इसके बाद अगले 46 वार्ड के वोट गिने जाएंगे। माना जा रहा है कि महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनावों के नतीजे आने वाले दिनों में सूबे का सियासी भविष्य तय करेंगे।
वोट चोरी एक देश विरोधी काम
वहीं राहुल गांधी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया है। राहुल ने कहा कि चुनाव आयोग का नागरिकों को गुमराह करना ही हमारी डेमोक्रेसी पर से भरोसा खत्म करने का तरीका है। वोट चोरी एक देश विरोधी काम है।
रुझानों में भाजपा को बड़ी मिली बढ़त
महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 निगमों को लेकर चल रही मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती हुई नजर आ रही है। ऐसे में अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि वह जनता को गुमराह कर रहा है, और इसे लोकतंत्र में भरोसे की गिरावट बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने लिखा कि चुनाव आयोग द्वारा जनता को भ्रमित करना हमारे लोकतंत्र में भरोसे की कमी का कारण है। वोट चोरी एक देश विरोधी कृत्य है।