सऊदी अरब में एक बार फिर बना मौत की सजा का रिकॉर्ड! एक ही दिन में आठ लोगों को दी फांसी, जानें किस जुर्म में
ब्रिटेन स्थित संगठन Reprieve और यूरोपीय सऊदी ऑर्गेनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट्स (ESOHR) ने ड्रग्स मामलों से संबंधित फांसी की बढ़ती संख्या पर चिंता जताई है;
नई दिल्ली। दुनिया में सऊदी अरब अपने सख्त कानूनों के लिए जाना जाता है। जहां पर गैर घातक अपराध के लिए भी फांसी की सजा सुनाई जाती है। अपने सख्त रवैये के चलते सऊदी का कानून पूरी दुनिया में चर्चा में रहता है। बता दें कि ड्रग्स मामले के दोषियों को भी सऊदी अरब में फांसी दी जाती है और अब ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसमें एक ही दिन में आठ लोगों को फांसी दी गई है।
एक साथ 8 लोगों को फांसी
सऊदी प्रेस एजेंसी ने बताया कि चार सोमाली और तीन इथियोपियाई नागरिकों को किंगडम में हशीश की तस्करी के लिए दक्षिणी क्षेत्र नजरान में फांसी दे दी गई। वहीं, एक सऊदी नागरिक को अपनी मां की हत्या के जुर्म में फांसी दे दी गई।
सऊदी में फांसी के मामलों से मानवाधिकार समूह चिंतित?
बता दें कि ब्रिटेन स्थित संगठन Reprieve और यूरोपीय सऊदी ऑर्गेनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट्स (ESOHR) ने ड्रग्स मामलों से संबंधित फांसी की बढ़ती संख्या पर चिंता जताई है। सऊदी अरब ड्रग्स की तस्करी आदि के लिए फांसी की सजा देता है। जिसे लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी काफी आलोचना हो चुकी है। आलोचनाओं को देखते हुए ड्रग्स मामलों में फांसी पर अनौपचारिक रोक भी लगाई गई थी लेकिन फिर 2021 में सऊदी अधिकारियों ने इस रोक को हटा लिया था।
2024 में सऊदी अरब ने 345 लोगों को दी फांसी
Reprieve के अनुसार, 2024 में सऊदी अरब ने रिकॉर्ड 345 लोगों को फांसी दी, जिनमें से लगभग आधे लोगों का अपराध ज्यादा घातक नहीं था। फांसी देने का 2024 का रिकॉर्ड टूटने वाला है। जानकारी के मुताबिक इस साल अब तक 230 लोगों को फांसी दी जा चुकी है, जिनमें से 154 लोगों को ड्रग्स से संबंधित आरोपों में फांसी दी गई है। पिछले साल सऊदी में फांसी की सजा पाने वालों में 92 विदेशी नागरिक थे। जेकि की आगे बढ़ सकता है।