शर्मनाक: नाबालिग महिला हॉकी खिलाड़ी के साथ सामूहिक बलात्कार, कोच और उसके दो साथियों पर आरोप, खिलाड़ियों में आक्रोश
जाजपुर,ओडिशा। ओडिशा के जाजपुर से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। वहीं घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा की पोल खोल कर रख दी है। दरअसल, एक नाबालिग महिला हॉकी खिलाड़ी ने हॉकी कोच और उसके दो साथियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि हॉकी खिलाड़ी पिछले दो सालों से जाजपुर हॉकी स्टेडियम में ट्रेनिंग ले रही थी। पीड़िता ने टाउन पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता का बयान जिला अदालत में किया गया दर्ज
बता दें कि नाबालिग ने आरोप लगाया है कि आरोपी और उसके साथी लड़की को सड़क से अगवा कर लॉज में ले गए, जहां कोच और उसके साथियों ने इस घटना को अंजाम दिया। वहीं पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए हॉकी कोच को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता का बयान जिला अदालत में दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।
पीड़िता को जाजपुर शहर के एक लॉज में ले गए
दरअसल, पीड़िता की शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई की शाम को वह हॉकी स्टेडियम से ट्रेनिंग के बाद लौट रही थी। उसके ट्रेनर और उसके साथियों ने उसे एक वाहन में चलने के लिए बुलाया। जिसके बाद वह वाहन में उनके साथ चली गई। ये तीनों लोग उसे जाजपुर शहर के एक लॉज में ले गए। आरोप है कि वहां उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया।
खेल और बाल अधिकार समुदायों में आक्रोश है
वहीं सीनियर वकील राजदीप मोहंती ने इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जाजपुर टाउन पुलिस ने सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है और बीएनएस 183 के तहत मामला दर्ज कर पॉक्सो कोर्ट भेज दिया गया है। इस मामले ने खेल प्रशिक्षण केंद्रों, खासकर नाबालिगों से जुड़े केंद्रों में सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर चिंताएं पैदा बढ़ा दी हैं। इस घटना से पूरे जिले में खेल और बाल अधिकार समुदायों में आक्रोश है, जिन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।