जहरीले नाग ने संपेरे को किया घायल, जान की परवाह किए बगैर, नाग-नागिन के जोड़े को इस तरह पकड़ा
सांप पकड़ने वाले एक्सपर्ट को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार किया जा रहा है
लखीमपुर खीरी। यूपी के लखीमपुर खीरी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल यहां सांप पकड़ने वाले एक एक्सपर्ट को ही जहरीले नाग ने बुरे तरीके से कई बार डसा। लेकिन गंभीर हालत होने के बाद भी एक्सपर्ट ने हिम्मत नहीं हारी और नाग को पकड़कर डिब्बे के अंदर डालकर बंद कर दिया। फिलहाल घायल सांप पकड़ने वाले एक्सपर्ट को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घर में दिखा नाग-नागिन का जोड़ा
दरअसल यह मामला लखीमपुर खीरी के संपूर्णनगर कोतवाली क्षेत्र के मिल मार्ग का है, जहां एक घर में नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई दिया। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल हो गया। परिजनों ने इसकी सूचना पलिया कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले सांप पकड़ने के एक्सपर्ट हरस्वरूप को दी थी। सूचना मिलते ही हरस्वरूप अपने साथियों के साथ उस जगह पहुंचे और नाग-नागिन के जोड़े का रेस्क्यू शुरू कर दिया। इसी दौरान नाग ने हरस्वरूप के हाथ पर डस लिया।
डसने के बावजूद नाग को पकड़ने में मिली कामयाबी
जहरीले नाग के डसने के बावजूद हरस्वरूप ने हिम्मत नहीं हारी और जोखिम उठाते हुए नाग को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर लिया। लेकिन कुछ देर बाद ही उन पर जहर का असर होने लगा और उनकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद उनके सहयोगी तुरंत हरस्वरूप को नाग के साथ पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू कर दिया।