अभी चुनौतीपूर्ण समय है... देशवासियों से 'मन की बात' के दौरान PM मोदी ने कहा- जनता जागरूक रहें और सरकार की एडवाइजरी पर करें भरोसा

पीएम ने कहा भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। देश के युवा की ताकत जब राष्ट्र निर्माण में जुटती है, तो बड़ी मदद मिलती है

By :  Aryan
Update: 2026-03-29 06:31 GMT

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर प्रसारित होने वाले मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश और विदेश के लोगों से अपने विचार साझा कर रहे है। आज 'मन की बात' के 132वें एपिसोड के जरिए पीएम ने कहा कि मार्च का महीना संकट भरा रहा है। हमें भरोसा था कि कोरोना संकट से निकलने के बाद दुनिया आगे बढ़ेगी लेकिन अब हमारे पड़ोस में एक माह से भीषण युद्ध चल रहा है। पीएम ने गल्फ कंट्रीज का आभार जताते हुआ कहा कि वो लाखों भारतीयों को लगातार मदद दे रहे हैं, इसके लिए मैं शुक्रगुजार हूं।

खाड़ी देशों में रहते हैं लाखों लोग

पीएम ने कहा कि यह क्षेत्र हमारी ऊर्जा आवश्यकताओं का सोर्स है। भारत इन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर रहा है। यह चुनौतीपूर्ण समय है। मैं सभी से आग्रह करूंगा कि हमें एकजुट होकर इससे बाहर निकलना है। जो भी लोग इसपर राजनीति कर रहे हैं, इसमें स्वार्थ्य भरी राजनीति करने का कोई स्थान नहीं है। देशवासी जागरूक रहें और अफवाहों के बहकावे में न आएं और सरकार की एडवाइजरी पर भरोसा करके अपना कदम उठाएं। हम सब मिलकर इस कठिन हालात से बाहर निकल जाएंगे।

जल संरक्षण को लेकर भी किया जनता को जागरूक

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से जल संरक्षण को लेकर जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है और यह समय जल संरक्षण के संकल्प को दोहराने का है। पीएम मोदी ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में 'जल संचय अभियान' ने देशभर में लोगों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया है। इस अभियान के तहत करीब 50 लाख कृत्रिम जल संचयन संरचना बनाए गए हैं।

लोगों को फिट रहने की दी सलाह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से फिटनेस और स्वास्थ्य पर ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अब 100 दिन से भी कम समय में आने वाला है और पूरी दुनिया में योग के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने बताया कि अफ्रीका के जिबूती में अल्मिस जी अपने अरविंद योग सेंटर के माध्यम से योग को बढ़ावा दे रहे हैं। वे वहां के कई और स्थानों पर भी लोगों को योग सिखाते हैं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाते हैं।

युवाओं की सराहना की

पीएम ने कहा भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। देश के युवा की ताकत जब राष्ट्र निर्माण में जुटती है, तो बड़ी मदद मिलती है। 'मेरा युवा भारत' इसमें बड़ी भूमिका निभा रहा है। ये संगठन युवाओं को अलग-अलग पॉजिटिव गतिविधियों से जोड़ रहा है। इनसे पता चलता है कि युवा साथी देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए कितना तत्पर हैं। युवाओं ने विभिन्न मुद्दों पर निबंध लिखे हैं और सुझाव दिए हैं। मैं उन सभी युवाओं की सराहना करता हूं जो अपने विचार साझा कर रहे हैं। 

Tags:    

Similar News