दिल्ली के मधु विहार में ट्रांसजेंडर की बेरहमी से हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, शव पर कई बार चाकू से वार किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों को मंगलवार तड़के गिरफ्तार कर लिया।;

By :  DeskNoida
Update: 2025-08-05 19:30 GMT

दिल्ली के मधु विहार इलाके में एक ट्रांसजेंडर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान करण उर्फ अन्नू के रूप में हुई है, जिनका शव सोमवार को टेल्को टी-पॉइंट के पास झाड़ियों में मिला था।

पुलिस के अनुसार, शव पर कई बार चाकू से वार किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों को मंगलवार तड़के गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रेहान उर्फ इक्का (19), निवासी गाजीपुर और मोहम्मद सर्वर (20), निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।

कैसे हुई गिरफ्तारी:

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन इलाके में जाल बिछाया गया। रात करीब 12:45 बजे शकरपुर फ्लाईओवर के नीचे दोनों आरोपी नजर आए। मुखबिर की पुष्टि के बाद करीब 1:00 बजे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

क्या है हत्या की वजह:

पूछताछ में खुलासा हुआ कि रेहान और अन्नू पिछले चार महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में थे। इस दौरान दोनों के बीच कई बार झगड़े हुए, खासकर जब रेहान अक्सर पैसे की मांग करता था।

जब अन्नू ने खुद को दूर करना शुरू किया तो रेहान को यह बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने अपने दोस्त सर्वर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।

वारदात वाले दिन दोनों ने अन्नू को टेल्को टी-पॉइंट के पास एक सुनसान इलाके में बुलाया और वहां चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक यह हत्या 'जुनून' और 'बदले' की भावना में की गई।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य तकनीकी सबूत जुटाए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News